मायावती की मां का निधन, बसपा अध्यक्ष दिल्ली के लिए रवाना

Saturday, Nov 13, 2021 - 06:45 PM (IST)

नेशनल डेस्कः बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की मां रामरती का शनिवार को दिल्ली में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। बसपा ने यहां जारी एक बयान में कहा कि 92 वर्षीय रामरती की राष्ट्रीय राजधानी के एक अस्पताल में मौत हो गई जहां उनका इलाज चल रहा था।

बसपा अध्यक्ष अपनी मां के निधन की सूचना मिलने के तुरंत बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। रविवार को वहां रामरती का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया है। करीब एक साल पहले मायावती के पिता प्रभु दयाल का 95 साल की उम्र में निधन हो गया था।

बसपा महासचिव सतीश मिश्रा ने कू पर शोक संदेश जताते हुए कहा कि अति-दुःख के साथ यह सूचित किया जाता है कि बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद व यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री बहन कु. मायावती जी की पूज्य माता श्रीमती रामरती जी का लगभग 92 वर्ष की उम्र में आज हॉस्पिटल में हृदय गति रुकने से स्वर्गवास हो गया है। कुदरत सभी को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे। उनका अंतिम संस्कार बहन जी के दिल्ली पहुंचने व परिवार के एकत्र होने पर कल किया जाएगा।
 

 

Yaspal

Advertising