UP Election 2027: SC, BC या OBC वर्ग नहीं! यूपी में जीत के लिए मायावती ने ''ब्राह्मण कार्ड'' किया एक्टिव

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 11:17 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां पूरे जोर के साथ चुनाव की तैयारियों में जुड़ी हुई हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती ने अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। बाकी दलों को चौंकाते हुए बसपा सुप्रीमो ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है और अपने पहले प्रत्याशी के संकेत दे दिए हैं। इस बार मायावती ने अपने सोशल इंजीनियरिंग के पुराने फॉर्मूले को धार देते हुए एक ब्राह्मण चेहरे पर भरोसा जताया है।

जालौन की माधौगढ़ सीट से हुई शुरुआत

 मायावती ने जालौन जिले की माधौगढ़ विधानसभा सीट के लिए आ आशीष पांडेय को प्रभारी नियुक्त किया है। बसपा की कार्यशैली को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि आशीष पांडेय ही इस सीट से पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार होंगे। आमतौर पर बसपा जिसे चुनाव से काफी पहले प्रभारी बनाती है, वही अंततः चुनावी मैदान में उतरता है। आशीष को अब क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पकड़ बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

PunjabKesari

समय से पहले तैयारी की रणनीति

अक्सर अपने उम्मीदवारों की घोषणा देरी से करने वाली बसपा इस बार बदली हुई रणनीति के साथ काम कर रही है। मायावती चाहती हैं कि प्रत्याशियों को जनता के बीच जाने और समीकरण बैठाने के लिए पर्याप्त समय मिले। सूत्रों की मानें तो होली के बाद कानपुर मंडल की पांच और महत्वपूर्ण सीटों पर भी प्रभारियों के नामों की घोषणा की जा सकती है।

गठबंधन की अटकलों पर विराम

 जहाँ एक ओर विपक्षी गठबंधन INDIA और खासकर कांग्रेस की ओर से बसपा को साथ लाने की कोशिशें और चर्चाएं तेज हैं, वहीं मायावती ने अपनी राह अलग रखने का फैसला किया है। उन्होंने साफ किया है कि बसपा अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी। आशीष पांडेय के चयन से यह साफ है कि मायावती एक बार फिर दलित, मुस्लिम और ब्राह्मणों के त्रिकोणीय गठजोड़ के जरिए सत्ता की चाबी हासिल करना चाहती हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News