मथुरा: यमुना एक्सप्रेस पर हादसा, दो हिस्से में बंटी बोलेरो, चार पुलिसकर्मियों समेत 5 की मौत...3 घायल

Friday, Dec 03, 2021 - 10:15 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में मध्य प्रदेश के चार पुलिसकर्मियों सहित पांच लोगों की मौत हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 80 (सुरीर) पर पुलिया से टकराकर बोलेरो बेकाबू हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। बताया जा रहा है कि इसमें सवार मुख्य आरक्षी भवानी प्रसाद, महिला आरक्षी हीरा देवी, चालक जगदीश, पुलिस मित्र रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरक्षी कमलेंद्र यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

 

मुख्य आरक्षी रतिराम, धर्मेंद्र कुमार और प्रीति घायल हो गए। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के थाना भूडेरा की पुलिस टीम अगवा की गई युवती को बरामद करने के किए हरियाणा के बहादुरगढ़ दबिश के लिए जा रही थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद सुरीर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। 

 

यमुना एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम
शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे हुए हादसे से एक्सप्रेसवे की एक लाइन बंद हो गई। हादसा आगरा से नोएडा जाते हुए मार्ग पर हुआ। वहीं एक लाइन बंद होने के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को वहां हटाया और आवाजाही शुरू हो सकी।

Seema Sharma

Advertising