शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज व्यक्ति ने प्रेमिका पर फेंका तेजाब

Saturday, Jul 23, 2016 - 12:33 AM (IST)

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में विवाह का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर एक व्यक्ति और उसकी बहन ने कथित तौर पर 22 साल की एक महिला पर तेजाब फेंक दिया, जिसमें वह बुरी तरह झुलस गई और वह अपनी आंखें खोलने में अक्षम है। पुलिस ने आज बताया कि लड़की को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह 30 फीसदी झुलस गई है और उसका उपचार चल रहा है।  

 
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राधे और उसकी बहन अनीता दोनों पीड़िता को जानते हैं। दोनों गाजियाबाद के रहने वाले हैं। राधे की पिछले साल हरिद्वार यात्रा के दौरान लड़की से दोस्ती हो गई। पुलिस ने बताया कि राधे को लड़की से एकतरफा प्यार हो गया और उसने लड़की को शादी की पेशकश की। हालांकि, लड़की ने कथित तौर पर शादी की पेशकश को ठुकरा दिया। अधिकारी ने बताया कि इससे नाराज आरोपी ने अपनी बहन की मदद से कल रात साढ़े नौ बजे के करीब पीड़िता पर कथित तौर पर तेजाब फेंका।  
 
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पीड़िता से मुलाकात की। डीसीडब्ल्यू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,‘‘मालीवाल ने चिकित्सा अधीक्षक से मुलाकात की ताकि पीड़िता की स्थिति के बारे में जान सकें और आश्चर्यजनक तौर पर पाया कि उसकी देखभाल में लापरवाही की गई है। यह पता चला कि उसकी पट्टी कल रात 10 बजे के बाद से बदली नहीं गई है।’ डीसीडब्ल्यू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आयोग के हस्तक्षेप के बाद पीड़िता को निजी वार्ड में स्थानांतरित किया गया।  
Advertising