मराठा आरक्षण आंदोलन फिर हुआ हिंसक, प्रदर्शनकारियों ने फूंकी बसें

Monday, Jul 30, 2018 - 05:00 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मराठा समुदाय के आरक्षण की मांग को लेकर जारी आंदोलन लगातार हिंसक होता जा रहा है। आंदोलनकारियों ने सोमवार को पुणे-नासिक हाइवे जमकर हिंसक प्रदर्शन किया। मराठा मोर्चा के लोगों ने 25 से ज्‍यादा गाड़ियां आग के हवाले कर दी गई। इसके अलावा 80 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस को आंदोलनकारियों पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े। 


मराठा मोर्चा के लोगों ने पुणे के नजदीक चाकण में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। इसी बीच आंदोलन अचानक हिंसक हो गया। उपद्रवियों ने तलेगांव चौक में गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी इस दौरान कई निजी गाड़ियों को भी निशाना बना गया। यही नहीं कई गाड़ियों में आग भी लगा दी गई। वहीं आंदोलनकारियों के आगे पुलिस भी बेबस नजर आई। 

करीब चार घंटे बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसने आंसू गैस के गोल दागकर उपद्रवियों को खदेड़ा। हालांकि इलाके में अभी भी हालात तनावपूर्ण हैं। जिसे देखते हुए भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। बता दें कि महाराष्ट्र के मराठा समुदाय ने सरकारी नौकरियों तथा अन्य संस्थाओं में आरक्षण की मांग करते हुए आंदोलन शुरू किया था। 


वहीं मराठा आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा के लिए महाराष्ट के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। इसमें सभी दलों के नेताओं ने मराठा आरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस मुद्दे पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने को लेकर भी चर्चा की गई थी। 

vasudha

Advertising