भाजपा में शामिल होना चाहते हैं तेदेपा के कई नेता: शिवराज

Sunday, Jul 14, 2019 - 08:41 PM (IST)

विजयवाड़ा: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) जल्द ही खाली हो जाएगी क्योंकि इसके कई नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होना चाहते हैं। चौहान ने रविवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के विकास की अवहेलना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने पर अपना ध्यान केंद्रित रखा। उन्होंने कहा कि नायडू ने राष्ट्रीय राजनीति में मोदी के खिलाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की कोशिश की लेकिन आंध्र पद्रेश के लोगों ने उन्हें अस्वीकार कर दिया। 

चौहान ने कहा कि केंद्र ने आंध्र प्रदेश को विशेष पैकेज के तहत 17,000 करोड़ रुपए दिए लेकिन चंद्रबाबू नायडू ने धन का इस्तेमाल अन्य प्रयोजनों के लिए किया। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस आंध्र प्रदेश में खाली हो गई है क्योंकि इसके अधिकतर वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। तेदेपा भी खाली हो जाएगी क्योंकि राज्य में इसके कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल होने की योजना बना रहे हैं।' 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राजनीति की रणभूमि से दूर भाग गए हैं, वह कांग्रेस का नेतृत्व करने में असमर्थ हैं। आंध्र प्रदेश तेलंगाना और कर्नाटक के प्रदेश अध्यक्षों ने भी उनका अनुसरण किया है। कांग्रेस के पास कई ‘फर्जी' गांधी हैं।' उन्होंने कहा,‘देश के लोगों ने आंध्र प्रदेश में वंशवाद शासन को अस्वीकार कर दिया है। भाजपा अन्य दलों के मुकाबले अलग तरह की पार्टी है क्योंकि यह वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा नहीं देती।'

चौहान ने कहा, ‘अगर नरेंद्र मोदी का शासन अच्छा नहीं हाता तो लोग उन्हें लगातार दूसरी बार क्यों चुनते?' भाजपा के सदस्यता अभियान में शामिल होने के लिए यहां आए चौहान ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य राज्य में 25 लाख सदस्यता हासिल करना है। उन्होंने कहा, ‘हम राज्य में बूथ स्तर से पार्टी को मजबूत कर रहे हैं।' इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद जी वी एल नरसिम्हा राव भी मौजूद थे।

shukdev

Advertising