नए साल पर ड्रिप लगाकर सचिवालय पहुंचे CM पार्रिकर, गर्मजोशी से हुआ स्वागत

Tuesday, Jan 01, 2019 - 02:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर पहली बार नववर्ष के अवसर पर यहां सचिवालय पहुंचे। 63 वर्षीय पार्रिकर अग्नाशय संबंधी बीमारी के कारण लंबे समय से कार्यालय नहीं आ पा रहे थे। इससे पहले वह उपचार के लिए मुंबई जाने से पूर्व अगस्त 2018 को कार्यालय आए थे।
     

मुख्यमंत्री ने पिछले साल अमेरिका और मुंबई के निजी अस्पतालों में उपचार कराया था। सूत्रों ने बताया कि पार्रिकर चिकित्सकीय उपकरण के साथ सुबह करीब पौने 11 बजे सचिवालय के मुख्य द्वार पर अपनी कार से उतरे और लोगों को देखकर मुस्कुराए। इसके बाद वह भीतर गए। परिसर के बाहर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्रिकर के आगमन पर उनके स्वागत में नारे लगाए। 


विधानसभा अध्यक्ष प्रमोद सावंत, मंत्रियों मौविन गोडिन्हो, मिलिंद नाइक, नीलेश कैबरल और पूर्व विधायक किरण कंडोलकर समेत भाजपा के विधायकों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि पार्रिकर ने मौजूदा रिक्तियों और पदोन्नति एवं स्थानांतरण जैसे अन्य मामलों की समीक्षा के लिए कार्मिक विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
  

सूत्रों के अनुसार पार्रिकर ने अपने कार्यालय के कर्मियांसे भी मुलाकात की। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से अक्टूबर में लौटने के बाद मुख्यमंत्री पहली बार पिछले महीने सार्वजनिक रूप से नजर आए थे। उन्होंने उस समय पणजी के पास मंडोवी और जुआरी नदियों पर नए पुल संबंधी कार्य का निरीक्षण किया था।     
 

vasudha

Advertising