Mann ki Baat: सर्जिकल स्ट्राइक के बहाने मोदी की चेतावनी, ललकारा तो मिलेगा मुंहतोड़ जवाब

Sunday, Sep 30, 2018 - 12:36 PM (IST)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 'मन की बात' कार्यक्रम के 48वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरे देश को भारतीय सेना पर गर्व है। मोदी ने कहा कि भारतीय जवान हर हालत में देश की रक्षा करने को तैयार रहते हैं और वे ऐसा करने के लिए कुछ भी कर गुजरने को भी तैयार रहते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता शांति है लेकिन अगर कोई हमें ललकारेगा तो उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। आतंकवाद से निपटना हमें आता है।व पाकिस्तान का नाम लिए बिना ही मोदी ने पड़ोसी देश को खरी-खरी सुना दीं।

मोदी के मन की खास बातें

  • भारत अपनी संप्रभुता, सम्मान और प्रतिष्ठा के साथ कभी कोई समझौता नहीं करता और न ही आगे करेगा। हम आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
     
  • जो हमारे राष्ट्र में शांति और उन्नति के माहौल को नष्ट करने का प्रयास करेंगे, वो इसके परिणाम भुगतने के लिए भी तैयार रहें।
     
  • शायद ही कोई भारतीय हो सकता है जिसको अपने सशस्त्र बलों पर, सेना के जवानों पर गर्व न हो। प्रत्येक भारतीय चाहे वो किसी भी क्षेत्र, जाति, धर्म, पंथ या भाषा का क्यों न हो - अपने सैनिकों के प्रति अपनी खुशी अभिव्यक्त करने और समर्थन दिखाने के लिए हमेशा तत्पर रहता है। 
     
  • साल 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक में हमारे सैनिकों ने राष्ट्र पर आतंकवाद की आड़ में छद्म युद्ध की धृष्टता करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया था।
     
  • 20वीं सदी में दो विश्वयुद्धों में एक लाख से अधिक भारतीय सैनिकों ने शांति के प्रति अपना सर्वोच्च बलिदान दिया जबकि उस युद्ध से भारत का कोई वास्ता नहीं था।
     
  • 23 सितंबर को इस्राइल में हैफा की लड़ाई के 100 वर्ष पूरे होने पर मैसूर, हैदराबाद और जोधपुर लांसर उन वीर सैनिकों को याद किया गया जिन्होंने आक्रान्ताओं से हैफा को मुक्ति दिलाई थी। यह भी शांति की दिशा में भारतीय सैनिकों का एक पराक्रम था। 
     
  • आज भी संयुक्त राष्ट्र की अलग-अलग शांति सेनाओं में भारत सबसे अधिक सैनिक भेजने वाले देशों में से एक है। 
     
  • दशकों से हमारे बहादुर सैनिकों ने नीली टोपी पहन विश्व में शांति कायम रखने में अहम भूमिका निभाई है।
     
  • आसमान में अपनी शक्ति का परिचय देकर के भारतीय वायुसेना ने हर देशवासी का ध्यान अपनी ओर खींचा है और सुरक्षा का एहसास दिलाया है। 
     
  • 8 अक्तूबर को ‘वायुसेना दिवस’ मनाया जाता है। 1932 में 6 पायलटों और 19 वायु सैनिकों के साथ इसकी एक छोटी-सी शुरुआत हुई थी लेकिन आज यह 21वीं सदी  की सबसे साहसिक और शक्तिशाली वायुसेना में शामिल हो चुकी है।

बता दें कि पीएम मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को देश वासियों से मन की बात के जरिए रूबरू होते हैं। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) के सभी चैनलों के जरिए सुबह 11 बजे होता है। इसके अलावा मन की बात को प्रधानमंत्री कार्यालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, एआईआर और डीडी न्यूज के यू-ट्यूब चैनलों पर भी सुना जा सकता है। हिंदी में प्रसारण के तुरंत बाद एआईआर क्षेत्रीय भाषाओं में भी इस कार्यक्रम का प्रसारण होता है और अगर कोई इसे सुबह नहीं सुन सका तो क्षेत्रीय भाषाओं में इसका दोबारा प्रसारण रात 8 बजे भी किया जाता है।

Seema Sharma

Advertising