राज्यसभा उपचुनाव: मनमोहन सिंह का निर्विरोध चुना जाना तय, भाजपा नहीं उतारेगी उम्मीदवार

Tuesday, Aug 13, 2019 - 09:10 PM (IST)

जयपुरः भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान से राज्यसभा की एक सीट के उपचुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है। इससे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है। सिंह ने मंगलवार को यहां नामांकन पत्र दाखिल किया।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार रात यहां बताया कि भाजपा राजस्थान से राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी। पार्टी के एक प्रवक्ता के अनुसार पार्टी आलाकमान ने अपने इस फैसले को प्रदेश नेतृत्व से अवगत करवा दिया है। राज्य विधानसभा का संख्या बल कांग्रेस के पक्ष में है। राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 100 विधायक हैं जबकि उसके गठबंधन सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल का एक विधायक है।

भारतीय जनता पार्टी के पास 72, बहुजन समाज पार्टी के पास छह, भारतीय ट्राइबल पार्टी, माकपा व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के पास दो दो विधायक है। 13 निर्दलीय विधायक हैं तो दो सीट खाली हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस के पास 12 निर्दलीय एवं बसपा के विधायकों का बाहर से समर्थन भी है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह लगभग तीन दशक तक असम से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होते रहे। वह 1991 से 2019 तक लगातार पांच बार राज्यसभा सदस्य रहे और 2004 से 2014 तक लगातार दो बार प्रधानमंत्री पद पर रहे। अगर वह राजस्थान से चुने जाते हैं तो यह उनका संसद के उपरी सदन में छठा कार्यकाल होगा।

राज्य से राज्यसभा के लिए चुने जाने वाले वे पहले पूर्व प्रधानमंत्री होंगे। राजस्थान में राज्यसभा के उपचुनाव के लिए नामांकन 14 अगस्त तक दाखिल किए जा सकते हैं। मतदान 26 अगस्त को होगा। उसी दिन गणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 28 अगस्त को पूरी हो जाएगी। राजस्थान से राज्यसभा की दस सीटें हैं।

 

Yaspal

Advertising