मौजूदा राजनीतिक माहौल में राहुल की है जरूरत: मनमोहन सिंह

Saturday, Dec 16, 2017 - 04:00 PM (IST)

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिवेश में कांग्रेस को राहुल गांधी के नेतृत्व की जरूरत है और उम्मीद जतायी कि उनकी अगुवाई में पार्टी नयी ऊंचाई एवं नई प्रतिष्ठा हासिल करेगी। डा. सिंह ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष पद पर राहुल की ताजपोशी के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश का वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य जिस तरह की चुनौतियां पेश कर रहा है उनको देखते हुए कांग्रेस को राहुल के नेतृत्व की जरूरत थी। वह जोश के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं उसे देखते हुए पूरी उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस नयी बुलंदियां हासिल करेगी। 

सोनिया गांधी ने एकता और मजबूती से किया नेतृत्व 
निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की एकता और मजबूती के लिए उन्होंने निरंतर काम किया है और पिछले 20 साल से कांग्रेस उनके नेतृत्व में लगातार मजबूत होती रही है। इस दौरान उन्हें बराबर पूर्व अध्यक्ष का दिशा निर्देश मिलता रहा और उनकी प्रेरणा से प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने मनरेगा जैसे महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की थी। डा. सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी में अछ्वुत नेतृत्व क्षमता और असाधारण राजनीतिक दूरदृष्टि है। उनके नेतृत्व में देश में ने सिर्फ मनरेगा जैसा क्रांतिकारी सामाजिक कार्य शुरू किया गया है बल्कि चार करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से बाहर निकाला गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के कोने-कोने में घूमें हैं और उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस उनके नेतृत्व में देश की जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। 

Advertising