जनता को अपने वादों का हिसाब दे मोदी सरकार: मनमोहन सिंह

Sunday, Apr 29, 2018 - 02:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने ​रविवार को कांग्रेस की ‘जन आक्रोश’ रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने मोदी सरकार पर वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में बदलाव आएगा। पूर्व पीएम ने कहा कि चार साल पहले सरकार ने जो जनता से वादे किए थे अब उनका हिसाब देने का समय आ गया है। 

राहुल गांधी के नेतृत्व में आएगा बदलाव 
मनमोहन सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में महंगाई बहुत बढ़ गई है। नौजवान नौकरी नहीं मिलने से परेशान हैं। दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए हैं। इस पर मोदी सरकार ध्यान नहीं दे रही है। कच्चे तेल की कीमत घट गई लेकिन पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं।  उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में बदलाव आएगा और इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खड़ा होना होगा। पूर्व पीएम ने कहा कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे लोग हजारों करोड़ लेकर भाग गए। इससे बैंक कमजोर हो गए हैं। सरकार कुछ नहीं कर रही है।
 

मोदी सरकार ने देश को पहुंचाया नुकसान: गहलोत
वहीं इससे पहले कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि चार साल में सरकार ने देश को जिस तरह से नुकसान पहुंचाया है, उससे सभी दुखी हैं। महिलाएं, नौजवान, किसान, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक सभी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली से यह संकल्प लेकर जाना है कि हमे राहुल गांधी के सन्देश को घर घर तक पहुंचाना है। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में समाज का तानाबाना छिन्न-भिन्न हो गया है। भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है। इस माहौल को बदलना होगा। यह बदलाव राहुल गांधी के नेतृत्व में ही हो सकता है।
 

vasudha

Advertising