मांजलपुर उपचुनाव में BJP का जलवा: सतीश पटेल की 30 हजार वोटों से प्रचंड जीत, कांग्रेस प्रत्याशी को दी करारी शिकस्त

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 04:27 PM (IST)

Manjalpur Bypoll Result: गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी  ने इस सीट पर अपना दबदबा बरकरार रखते हुए एकतरफा जीत हासिल की है। बीजेपी उम्मीदवार सतेंद्रभाई पटेल उर्फ सतीश पटेल ने कांग्रेस प्रत्याशी भीखा रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी।

कुल 20 राउंड तक चली मतगणना में बीजेपी उम्मीदवार पहले राउंड से ही अपनी बढ़त बनाए हुए थे, जो अंत तक कायम रही। सतीश पटेल को कुल 55,481 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के भीखा रबारी केवल 24,851 वोटों पर ही सिमट गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, परिणाम घोषित होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सतीश पटेल काफी गदगद नजर आए। उन्होंने इस प्रचंड जीत का श्रेय मांजलपुर के मतदाताओं और बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह क्षेत्र की जनता ने पूर्व विधायक स्वर्गीय योगेश पटेल पर सालों तक अपना भरोसा बनाए रखा, ठीक वैसा ही प्यार और आशीर्वाद उन्हें भी मिला है।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली की जेलों में कैदी की मौत पर परिजनों को मिलेंगे 7.5 लाख रुपए— CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला

अपनी प्राथमिकताओं पर बात करते हुए पटेल ने कहा कि मांजलपुर का सर्वांगीण विकास ही उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। वे क्षेत्र में सड़कों की स्थिति सुधारने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम करेंगे।

वहीं दूसरी तरफ, हार के बाद कांग्रेस उम्मीदवार भीखा रबारी ने कहा कि वे जनादेश का सम्मान करते हैं। हालांकि, उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मतदान के आखिरी दौर में एक खास तरह का डर का माहौल तैयार किया गया, जिससे चुनाव निष्पक्ष नहीं रह पाया। रबारी ने अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि हार के बावजूद वे मांजलपुर की जनता के हक की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News