अतीत में हुई गलती को न दोहराएं, मनीष तिवारी बोले- यूक्रेन पर रूसी ‘हमले' की निंदा करे भारत सरकार

Thursday, Feb 24, 2022 - 04:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत सरकार को ‘यूक्रेन पर रूसी आक्रमण' की स्पष्ट रूप से निंदा करनी चाहिए और इस बार वो गलती नहीं करनी चाहिए जो अतीत में सोवियत संघ द्वारा कई देशों पर हमले के समय उसकी निंदा नहीं करके की गई थी। पार्टी के एक और वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि भारत सरकार को चाहिए कि वह यूक्रेन में रूस से अपनी कार्रवाई पर विराम लगाने के लिए कहे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री तिवारी ने ट्वीट किया, ‘‘भारत को यूक्रेन पर रूसी आक्रमण की स्पष्ट रूप से निंदा करनी चाहिए। ऐसे समय आते हैं जब आपको अपने ‘मित्रों' को यह बताने की जरूरत होती कि वे सत्ता परिवर्तन कराने में शामिल नहीं हों।'' थरूर ने ट्वीट कर कहा, ‘‘तो रूस सत्ता परिवर्तन के लिए अभियान चला रहा है। भारत को ऐसे दखल का निरंतर विरोध करना चाहिए था। वह कब तक चुप रह सकता है? कोई भी रूस की वाजिब सुरक्षा चिंताओं को स्वीकारेगा, लेकिन युद्ध शुरू करने को स्वीकार्य या उचित नहीं ठहराया जा सकता।

हमें यह मांग करनी चाहिए कि रूस रुक जाए।'' पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के मॉस्को दौरे को लेकर थरूर ने कहा, ‘‘अगर इमरान खान में जरा भी आत्मसम्मान है तो उन्हें वही करना चाहिए था जो (अटल बिहारी) वाजपेयी साहब ने 1979 में किया था जब उन्होंने वियतनाम पर हमले करने वाले चीन का दौरा रद्द कर दिया था और स्वदेश लौट आए थे। अगर इमरान ऐसा नहीं करते हैं जो माना जाएगा कि वह भी आक्रमण में संलिप्त हैं।''

rajesh kumar

Advertising