Manipur: एन बीरेन सिंह आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, दूसरी बार संभालेंगे मणिपुर की सत्ता

Monday, Mar 21, 2022 - 10:14 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मणिपुर में रविवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद एन बीरेन सिंह लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे। भाजपा राज्य विधायक दल ने एन बीरेन सिंह को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना है, जिसके बाद सिंह आज दोपहर 3 बजे एक बार फिर मुख्यमंत्री की शपथ लेने वाले हैं। केंद्रीय मंत्रियों निर्मला सीतारमण और किरेन रिजिजू ने पार्टी की ओर से राज्यपाल को एक पत्र सौंपा, जिसमें कहा गया कि एन बीरेन सिंह को सर्वसम्मति से 32 विधायकों के साथ भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है।

 

राजभवन के बयान में कहा गया है कि दो राजनीतिक दलों जनता दल (यूनाइटेड) के छह सदस्यों ने, कुकी पीपुल्स एलायंस के दो सदस्यों ने तथा एक निर्दलीय ने ‘‘भाजपा को बिना शर्त अपना समर्थन दिया'' और उनके समर्थन पत्र भी राज्यपाल को सौंपे गए हैं। इससे भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के पास 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में 41 की संख्या होगी और दो तिहाई बहुमत होगा। इससे पहले दिन में, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की कि एन बीरेन सिंह दूसरे कार्यकाल के लिए मणिपुर के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

 

पिछले 10 दिनों से जारी अनिश्चितता के बाद विधायक दल की बैठक और यह घोषणा हुई है, क्योंकि प्रतिद्वंद्वी नेता बीरेन सिंह और भाजपा के वरिष्ठ विधायक टी बिस्वजीत सिंह केंद्रीय नेताओं से मिलने के लिए दो बार दिल्ली पहुंचे, जिसे प्रतिद्वंद्वी खेमों द्वारा लामबंदी की कवायद के तौर देखा गया था। हालांकि, पार्टी के भीतर मतभेद का खंडन किया गया था। मणिपुर में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 सदस्यीय सदन में 32 सीट जीतकर सत्ता में वापसी की है। भाजपा ने 2017 के चुनाव में केवल 21 सीट हासिल की थी, लेकिन वह कांग्रेस के विधायकों को अपने पाले में करने में सफल रही, जिससे पार्टी के सदस्यों की संख्या 28 हो गई और बीरेन सिंह ने मणिपुर में पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

Seema Sharma

Advertising