अयोध्या विवाद: Google Map में राम जन्मभूमि की जगह लिख दिया- 'मंदिर यहीं बनेगा'

Saturday, Dec 01, 2018 - 05:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: इन दिनों अयोध्या में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले को लेकर देशभर में गरमागरमी का माहौल है। जहां एक तरफ हिंदूवादी संगठनों ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, तो वहीं इसी घमासान के बीच गूगल मैप की एक बड़ी गलती सामने आई है। दरअसल, गूगल पर राम जन्मभूमि स्थल सर्च करने पर जो तस्वीर दिखाई दे रही है, उसमें मंदिर यहीं बनेगा लिखा गया है। हालांकि, गूगल ने अपनी गलती को सुधारते हुए इसे तुरंत हटा दिया। 


गूगल ने बताया कि इंटरनेट यूजर्स को यह सुविधा दी जाती है कि वह किसी स्थल को मार्क कर उसका नामकरण कर सकते हैं। ऐसे में, किसी यूजर ने राम जन्मभूमि स्थल के पास 'मंदिर यहीं बनेगा' मार्क कर दिया। कंपनी ने बताया कि शिकायत मिलने की तुरंत बाद ही इसे हटा दिया गया। ऐसी गलती ना हो, इसके लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।


बता दें कि इससे पहले भी गूगल मैप्स में कश्मीर को विवादित हिस्सा और फलस्तीन को इजरायल का हिस्सा दिखा दिया गया था। गौरतलब है कि सितंबर 2010 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में अपना निर्णय सुनाते हुए विवादित स्थल की एक-तिहाई जमीन मुस्लिम पक्ष और बाकी जमीन दो अन्य पक्षकारों को देने का आदेश दिया था। इस निर्णय को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी गई थी, जहां यह मामला अभी लंबित है।
 

vasudha

Advertising