Delhi Shastri Park Murder Mystery: दिल्ली के शास्त्री पार्क में खौफनाक वारदात, गड्ढे में मिला युवक का शव
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 08:32 AM (IST)
Delhi Shastri Park Murder Mystery : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में मंगलवार को हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां DDA पार्क के अंदर एक गड्ढे में लगभग 18-19 वर्ष के एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या की गई थी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को गड्ढे में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस को पार्क के अंदर एक गड्ढे में एक शख्स के पड़े होने की सूचना दी गई। उसकी उम्र लगभग 18-19 वर्ष बताई गई। पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक अधिकारी ने कहा, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पीड़ित को दो से तीन बार चाकू घोंपा गया था और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि पीड़ित के पास से कोई पहचान दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है और उसकी पहचान स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, न्यू उस्मानपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हमें संदेह है कि हत्या व्यक्तिगत दुश्मनी या झगड़े के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, सटीक मकसद अब तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारी के मुताबिक, पीड़ित और हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
