मॉब लिंचिंग: गो तस्करी के संदेह में शख्स की पीट-पीटकर हत्या

Saturday, Jul 21, 2018 - 01:42 PM (IST)

जयपुर: राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात गो तस्करी के संदेह में एक व्यक्ति की पीट पीट कर हत्या कर दी गई।  थानाधिकारी सुभाष शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान हरियाणा के कोलागांव निवासी अकबर खान (28) के रूप में की गई है।  उन्होंने बताया कि खान अपने एक साथी के साथ दो गाय लेकर अपने गांव जा रहा था, जब वह लालावंडी गांव से होकर गुजर रहा था, अज्ञात लोगों के एक समूह ने गो तस्कर होने के संदेह में उनकी बुरी तरह से पिटाई कर दी।  

अज्ञात लोगों ने दोनों की पिटाई गो तस्कर होने के संदेह में की, जिसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। मृतक का साथी घटना स्थल पर मौजूद भीड़ से अपने को बचाकर किसी तरह निकल गया।  थानाधिकारी ने बताया कि खान को रामगढ़ के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अलवर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के यहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जायेगा।  अधिकारी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

वहीं इस मामले की राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी निंदा की है। उन्होंने कहा कि अलवर जिले में लिंचिंग की ये घटना घोर निंदनाय है। घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अलवर में गो परिवहन से सम्बंधित वारदात में हुई नृशंस हत्या की मैं कड़े शब्दों में निंदा करती हूं। मुख्यमंत्री ने बताया कि गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया को जल्द से जल्द मामले की छानबीन कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।

vasudha

Advertising