ममता ने बड़ा बयान, 2019 में क्षेत्रीय दलों की भूमिका को बताया अहम

Friday, Sep 14, 2018 - 11:15 PM (IST)

कोलकाताः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि 2019 आम चुनावों में क्षेत्रीय दलों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। ममता ने एक निजी टीवी चैनल की ओर से ‘उभरता बंगाल’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, क्षेत्रीय दल 2019 में मुख्य भूमिका में होंगे। बहुत से दल संघीय मोर्चे के लिए एक साथ हैं। केवल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ही राष्ट्रीय पार्टियां नहीं हैं। हम भी राष्ट्रीय पार्टी हैं।

ममता ने विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ बातचीत में कहा कि लोगों के बीच चिंता के दो विषय हैं-क्षेत्रीय पार्टियों के एकसाथ आने पर सरकार की स्थिरता और कोई काम होगा या नहीं। स्थिति अब बदल चुकी है। अधिकांश क्षेत्रीय पार्टियां मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 2019 एक जनमत संग्रह होगा। लोग भाजपा के लिए नकारात्मक वोट करेंगे और अन्य पार्टियों के लिए सकारात्मक। इसके कई कारण हैं। यदि लोग कुछ करने की ठान लेते हैं तो धनबल, फर्जी खबर, प्रचार-प्रसार उसे बदल नहीं सकता।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि लोग आज पीड़ति हैं और आम लोग सबसे अधिक परेशान हैं। वे परिवर्तन चाहते हैं। बदलाव के लिए वोट देने से पहले वे दो बार नहीं सोचेंगे। उन्होंने कहा कि 31 प्रतिशत वोट के साथ 282 सीटें जीतना मजाक नहीं है। लेकिन ऐसा सिर्फ एक बार होता है। उसके बाद क्या हुआ? अत्याचार शुरू। पेट्रोल की कीमतें बढ़ रही हैं। रसोई गैस के दाम बढ़ रहे हैं।

ममता ने कहा, मुझे यह कहते हुए गर्व महसूस होता है कि बंगाल न केवल प्रगति कर रहा है बल्कि खुशहाल भी है। हर क्षेत्र में, हम नंबर एक हैं। विशेष रूप से, ‘सर्व धर्म समभाव’ और ‘विविधता में एकता’ के मामले में। यह हमारा लक्ष्य है।

Yaspal

Advertising