ममता बनर्जी बोली, BJP रच रही मेरी हत्या की साजिश- एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें

Tuesday, Mar 16, 2021 - 08:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क : ममता बनर्जी की चोट को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अब रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हुंकार भरी है। उन्होंने आज  बंगाल के सबंग में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में जनता के लिए जो पैसा आता है उसका 15%-25% भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। वहीं, सरकारी बैंकों के कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है।

पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें 

ममता बनर्जी ने भाजपा पर जड़े गंभीर आरोप, बोली-  वह मेरी हत्या की रच रहे साजिश
ममता बनर्जी के चोटिल पांव को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया है। अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने भाजपा पर गंभीर आरोप जड़े। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा मेरी हत्या करने की साजिश रच रही है? ममता ने बांकुड़ा रैली में भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह  देश चलाएंगे या बंगाल में हमारा उत्पीड़न करने के लिए साजिश रचेंगे?

पश्चिम बंगाल को तेजी से पीछे धकेलने के लिए ममता 'दीदी' जिम्मेदार:  राजनाथ सिंह
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी  काे मात देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी फौज मैदान में उतार दी है।  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बाद आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह राज्य में हुंकार भर रहे हैं।  बंगाल के सबंग में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बंगाल में जनता के लिए जो पैसा आता है उसका 15%-25% भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। मैं ममता दीदी से पूछना चाहता हूं कि क्या कारण है कि आपके मंत्रियों और आपकी सरकार पर हमेशा भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं।

राहुल गांधी ने साधा मोदी सरकार पर निशाना, बोले-मैं हड़ताल कर रहे बैंक कर्मचारियों के साथ
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कई सरकारी बैंकों के कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर मंगलवार को सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को ‘सांठगांठ वाले पूंजीपतियों' (क्रोनी) के हाथों में बेचना देश की वित्तीय सुरक्षा के साथ समझौता होगा। राहुल ने हड़ताल करने वाले बैंक कर्मचारियों के साथ एकजुटता प्रकट करते हुए यह दावा भी किया कि सरकार ‘लाभ का निजीकरण' और ‘नुकसान का राष्ट्रीयकरण' कर रही है। 

बंगाल चुनाव: ‘महिष्य’ आरक्षण की बात कह नड्डा ने दबाई ममता की कमजोर नस?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर किसानों और आदिवासियों के कल्याण के लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को दावा किया कि वर्षों तक “तुष्टीकरण की राजनीति” करने के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ने अपनी हिंदू पहचान बताने के लिए संस्कृत श्लोक का उद्घोष करना शुरू कर दिया है। बांकुड़ा जिले के कोतुलपुर शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने आरोप लगाया कि बनर्जी ने ‘तुष्टीकरण की राजनीति' की वजह से महिषी और तेली जैसी कई ओबीसी हिंदू जातियों को आरक्षण की श्रेणी से बाहर कर दिया।

भारत में कोरोना रिटर्न: महाराष्ट्र में बढ़ीं पाबंदियां, पंजाब में एग्जाम postponed, MP में भी सख्ती
देश में एक बार फिर से कोरोना ने दस्तक दे दी है। करीब 6 महीने राहत भरे रहने के बाद कोरोना ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। दरअसल लोगों को लॉकडाउन का डर सता रहा है क्योंकि जिंदगी अभी पटरी पर लौट ही रही थी कि भारत में कोरोना ने फिर से वापिसी की है। देश में पिछले 24 घंटे में 24,492 नए के सा सामने आए हैं जबकि एक दिन में 131 लोगों की मौत हुई है। देश में करोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है। उद्धव सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में कई सख्त पाबंदियां की हैं।

दिल्ली में फिर छिड़ी अधिकारों की जंग, LG छीन सकते हैं केजरीवाल की शक्तियां !
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और केजरीवाल सरकार एक बार फिर अधिकारों को लेकर आमने सामने आ गए हैं।  लोकसभा में सोमवार को दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक 2021 पेश किया गया जिसमें दिल्ली के उपराज्यपाल की कुछ भूमिका और अधिकारों को परिभाषित करने का प्रस्ताव किया गया है। इस बिल के बाद दिल्ली में  टकराव की स्थिति पैदा हो गई है।

ममता के गढ़ में गरजे सीएम योगी, बोले- TMC के गुंडों को चुन-चुनकर दी जाएगी सजा
उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता सरकार पर जमकर भडास निकाली। उन्होंने कहा कि TMC के गुंडे कानून को नहीं मानते। 2 मई के बाद जब भाजपा की सरकार आएगी तो इन गुंडों को चुन चुनकर सजा दिलवाई जाएगी। यूपी के सीएम ने कहा कि बंगाल में अभी भी सत्ता का दुरुपयोग रुक नहीं रहा है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को जगह-जगह इस सभा में आने से रोका जा रहा था।

वित्त मंत्री सीतारमण का बयान, कहा- सभी बैंकों का नहीं होगा निजीकरण
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निजीकरण को लेकर सरकार बैंक कर्मचारियों और विपक्ष की लगातार आलोचना झेल रही है। इस निजीकरण के विरोध में सरकारी बैंकों के कर्मचारियों की आज दो दिवसीय हड़ताल का आखिरी दिन है। इस बीच केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सभी बैंकों का निजीकरण तो होगा नहीं, जिनका होगा भी, हम ये सुनिश्चित करेंगे कि लोगों की नौकरी और बाकी हितों का ख्याल रखा जाए। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक के बाद वित्तमंत्री ने ये बात कही।

प्रधानमंत्री के प्रधान सलाहकार पी के सिन्हा ने इस्तीफा दिया: सूत्र
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सलाहकार पी के सिन्हा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1977 बैच के अधिकारी रहे सिन्हा को सितंबर 2019 में प्रधानमंत्री के प्रधान सलाहकार के पद पर नियुक्त किया गया था। इससे पहले उन्हें कुछ समय के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) नियुक्त किया गया था। वह चार वर्षों तक कैबिनेट सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

दो लोकसभा सीटों और 14 विधानसभा सीटों के लिए 17 अप्रैल को होंगे उपचुनाव: चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने कर्नाटक तथा आंध्र प्रदेश में एक-एक लोकसभा सीट तथा 11 राज्यों में 14 विधानसभा सीटों के लिए 17 अप्रैल को उपचुनाव कराने की मंगलवार को घोषणा की। आंध्र प्रदेश की तिरुपति लोकसभा सीट यहां के सांसद वाईएसआर कांग्रेस के बाली दुर्गाप्रसाद राव के निधन से रिक्त हुई है। राव का पिछले वर्ष सितंबर में कोविड-19 के कारण निधन हो गया था। कर्नाटक की बेलगाम लोकसभा सीट पिछले वर्ष सितंबर में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन के कारण रिक्त हुई थी।

rajesh kumar

Advertising