ममता फ्लाइट विवाद : 6 पायलेट्स सस्पैंड

Wednesday, Dec 07, 2016 - 12:15 PM (IST)

नई दिल्ली : सिविल एविऐशन के डायरैक्टर जनरल ने 6 पायलेट्स को सस्पैंड कर दिया। इनमें इंडिगो, स्पाइसजेट और एयर इंडिया के 2-2 पायलेट शामिल हैं। ये 4 उन 3 प्लेन के पायलेट थे जिनपर लैंडिंग के दौरान कम तेल होने के बावजूद प्लेन को उड़ाते रहने का आरोप लगा।

30 नवंबर को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इंडिगो प्लेन में बैठकर पटना से कोलकाता आ रही थीं। वहीं एयर इंडिया और स्पाईस जेट के प्लेन उनके आगे थे। एयरलाइन का विमान आधे घंटे से अधिक समय तक शहर के आसमान में चक्कर लगाता रहा था। इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी को मारने का एक षडयंत्र था। पार्टी की ओर से दावा किया गया कि प्लेन में ईंधन की कमी थी। 

इस वजह से सिविल एविऐशन का यह निर्णय कड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।एयरलाइन कंपनियां इस कदम से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि तीनों प्लेन में इतना ईंधन था कि वह पास के किसी दूसरे एयरपोर्ट पर उतर सकें, जैसे भुवनेश्वर एयरपोर्ट। इंडिगो की तरफ से यह भी कहा गया कि पायलेट्स के बीच में तालमेल की कमी और कोलकाता में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की वजह से प्लेन को उतारने में देरी हुई थी। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी हवाई अड्डे पर ऐसी घटना कोई नई बात नहीं है।

Advertising