ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला, कहा- खतरे में है लोकतंत्र

Friday, Nov 24, 2017 - 07:22 PM (IST)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज कहा कि देश में भाजपा शासन के अधीन लोकतंत्र खतरे में है और उन्होंने विपक्षी दलों से अगले लोकसभा चुनाव से पहले व्यापक जनहित में मिलकर काम करने एवं चलने का आह्वान किया। टीएमसी प्रमुख ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार के अधीन देश में लोकतंत्र खतरे में है। यह अति आपातकाल है जो देश में चल रहा है। मैं करीब दो दशक तक सांसद रही हूं लेकिन मैंने केंद्र में कभी ऐसी सरकार नहीं देखी।

ममता ने कहा कि मैं सामूहिक नेतृत्व में यकीन करती हूं फिलहाल सभी मिलकर काम कर रहे हैं और वही सर्वश्रेष्ठ नीति है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के साथ व्यापक विपक्षी गठबंधन की ओर संकेत तो नहीं कर रहीं तो उन्होंने कहा कि बंगाल में, कांग्रेस और वामदल राज्यस्तर पर भाजपा के साथ मिलकर काम रहे हैं लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक हित में मैं समझती हूं कि हमें मिलकर काम करना चाहिए। 

ममता ने कहा कि मेरा उत्तर प्रदेश में अखिलेश जी, मायावतीजी, स्टालिन और नवीन पटनायक के साथ अच्छा संबंध है। मैं कई अन्य लोगों से भी अच्छा संबंध बनाकर चलती हूं। यहां तक कि मैं भाजपा में भी कुछ लोगों से अच्छा संबंध रखती हूं लेकिन सभी के साथ नहीं। उन्होंने कहा कि बंगाल भाजपा की ‘बांटो और राज करो ’ राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगा तथा उन्होंने इस बात को खारिज कर दिया कि भाजपा सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए चुनौती है।  उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल में कहीं नहीं है, वह बस मीडिया और सोशल मीडिया में है। वे बस चिल्लाते हैं। 
 

Advertising