ममता बनर्जी ने BJP दफ्तर का तुड़वाया ताला, खुद पेंट कर मिटाया कमल का निशान

Monday, Jun 03, 2019 - 01:02 PM (IST)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी और भाजपा के बीच शुरू हुई जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा के दफ्तर पर कब्जा करने की खबर है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। ममता ने पहले इस दफ्तर का ताला तुड़वाया और भाजपा के पार्टी चिन्ह के ऊपर पेंट कर दिया। वहीं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दावा है कि यह उसका दफ्तर है जिस पर भाजपा ने कब्जा कर लिया था।

30 मई को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी कैबिनेट के साथ शपथ ले रहे थे उसी समय ममता बनर्जी बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में धरने पर बैठी थी। वह थोड़ी देर बाद भाजपा के दफ्तर पहुंची और अपने सामने ताला तुड़वाया और खुद पार्टी के चिन्ह पर पेंट किया, इतना ही नहीं ममता ने भाजपा के झंडे आदि भी उतरवा दिए। बंगाल की सीएम ने भाजपा के चिन्ह की जगह अपनी पार्टी का नाम लिखा।

ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके दफ्तर पर कब्जा कर लिया था। अब ममता की अगुवाई में टीएमसी ने अपना कब्जा कर लिया है। वहीं राज्य में जय श्री राम बोलने पर राजनीति गर्माई हुई है। जहां ममता जयश्री राम के नारे पर फिर भड़क गईं वहीं बाद में उन्होंने सफाई दी कि भाजपा इस पर सियासी चाल चल रही है। उल्लेखनीय है कि ममता लोकसभा चुनाव के दौरान खुलकर भाजपा के खिलाफ मैदान में उतर आई थी। उन्होंने पीएम मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी तक कर डाली थी।

Seema Sharma

Advertising