इतिहास बदलकर देश को बर्बाद कर रही मोदी सरकार : ममता बनर्जी

Friday, Nov 16, 2018 - 04:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर जगहों के नाम बदलने को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ इतिहास, नाम-नोट और संविधान बदलने वाली पार्टी है, लेकिन वह वह गेम-चेंजर नहीं है। ममता ने कहा कि देश खतरे में है। 


मूर्ति बनकर रह जाएगी भाजपा 
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार सीबीआई और भारतीय रिजर्व बैंक जैसे महत्वपूर्ण भारतीय संस्थानों को बर्बाद कर रही है। जिस पार्टी ने ‘मूर्तियां बनाने’ को अपना चुनावी एजेंडा बना लिया है, वह आगामी लोकसभा चुनाव के बाद खुद एक मूर्ति बनकर रह जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी देश को ऐसी बर्बादी से बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।


देश को बचाएगी TMC
बनर्जी ने कहा कि भगवा पार्टी राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को अद्यतन कर केवल सांप्रदायिक विभाजन की इच्छुक है। तृणमूल कांग्रेस ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी देश को भाजपा से बचाने के लिए आगामी दिनों में बड़ी भूमिका निभाएगी। बनर्जी ने यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में जनवरी में महारैली करने का आह्वान किया। 


हमारा नारा भाजपा हटाओ, देश बचाओ
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जनवरी में पार्टी की रैली में सभी विपक्षी नेताओं को आमंत्रित करेंगी और भाजपा के खिलाफ लड़ाई के लिए एकजुट करेंगी। उन्होंने कहा कि रैली में हमारा नारा होगा-भाजपा हटाओ, देश बचाओ। राज्य में अगले महीने होने वाली भाजपा की ‘रथ यात्रा’ का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि भगवा पार्टी राजनीतिक ‘यात्रा’ आयोजित कर रही है। दूसरी ओर, हमारे कार्यकर्ता ‘एकता यात्रा’ करेंगे, जिसका मकसद सभी समुदायों को एकजुट करना है।

vasudha

Advertising