राहुल गांधी को PM बनाना हमारा साझा लक्ष्य है: CM रेवंत रेड्डी
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 06:05 PM (IST)
नेशनल डेस्क: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों के उनके समकक्ष और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के अपने साझा लक्ष्य को साकार करने के लिए मिलकर काम करेंगे। तिरुवनंतपुरम में केरल के मुख्यमंत्री के रूप में वी.डी. सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए रेड्डी ने हिमाचल प्रदेश के अपने समकक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और अन्य नेताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क भी उपस्थित थे।

'एक्स' पर एक पोस्ट में रेड्डी ने कहा कि जब नेतागण केरल पहुंचे तो ऐसा लगा जैसे "दोस्तों और सहकर्मियों का पुनर्मिलन" हो रहा हो। उन्होंने उस पल की तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने कहा, "माहौल में आशा, ऊर्जा और उत्साह स्पष्ट रूप से व्याप्त है। यही ऊर्जा तब और भी प्रबल होगी जब हम सब मिलकर अपने सबसे बड़े साझा लक्ष्य की ओर काम करेंगे—वह दिन जब हमारे नेता राहुल गांधी जी भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।" राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सतीशन को सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ दिलाई। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा सहित अन्य लोग शामिल हुए। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, वामपंथी नेता और भाजपा प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
