पंजाब को बना रहे नशा मुक्त, अब हर युवा को स्पोर्ट्स जोड़ेंगे : केजरीवाल

punjabkesari.in Wednesday, Jun 11, 2025 - 10:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी की सरकार युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के जरिए पंजाब को नशा मुक्त बना रही है और अब यहां के बच्चों को खेलों से जोड़ा जाएगा। इसी उद्देश्य से बुधवार को ष्आपष् के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सीएम भगवंत मान के साथ जालंधर में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स स्टेडियम की नींव रखी। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड में होने जा रहे रग्बी महिला विश्व कप के लिए 25 हजार बॉल से भरे ट्रक को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब पूरे पंजाब में युवाओं को खेल से जोड़ा जाएगा। जालंधर में एक अत्याधुनिक और शानदार खेल स्टेडियम की नींव रखी गई है। अब ऐसे ही पूरे पंजाब में हर जिले, हर गांव को खेल के मैदान देंगे। उन्होंने कहा कि ये पंजाब ही नहीं, पूरे देश के लिए गर्व की बात है कि वूमन रग्बी वर्ल्ड कप में जो बॉल इस्तेमाल होंगी, वो पंजाब के जालंधर में बनी हैं। 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जालंधर के इतिहास में ये एक ऐतिहासिक दिन माना जाएगा। जिस शानदार मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की परिकल्पना की गई है, इसके अंदर क्रिकेट, हॉकी, योग, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल सब कुछ होगा। बहुत सारे स्पोर्ट्स के लिए इसके अंदर इंतजाम है। रोज जालंधर के हजारों लोग यहां खेलने और एक्सरसाइज करने के लिए आया करेंगे। ये  स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एक अपने आप में मिनी शहर बन जाएगा। इस किस्म का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शायद पूरे उत्तर भारत में अपने आप में पहला होगा। जब हम 2022 के चुनाव में प्रचार कर रहे थे, तो हम लोगों ने वादा किया था कि हम जालंधर में एक मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनवाएंगे। मुझे खुशी है कि आज हम अपना वो वादा पूरा कर रहे हैं। आज इसकी नींव रखी गई है और एक साल के अंदर ये स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार हो जाएगा। 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक समय था जब पंजाब हर क्षेत्र में नंबर वन होता था। पूरे देश में सबसे अमीर प्रदेश पंजाब होता था। पंजाब खेल, इंडस्ट्री, खेती में सबसे आगे। लेकिन पिछले कुछ सालों से पूर्ववर्ती सरकार ने पंजाब और उसकी जवानी को नशे में धकेल दिया, पंजाब के हर घर में नशा बिकने लग गया। घरों में बच्चे नशे से प्रताड़ित हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बहन निकलने के लिए पिछले कुछ महीनों से “आप” सरकार ने नशे के खिलाफ युद्ध छेड़ा है। ऐसा अभियान पूरे भारत में 75 साल में आज तक कहीं किसी सरकार ने नहीं छेड़ा। जबकि नशा पूरे देश में बिकता है। लेकिन जिस किस्म का युद्ध और ठोस कदम पंजाब सरकार ने उठाए हैं, पूरे देश के अंदर किसी भी सरकार ने ऐसी हिम्मत नहीं की। 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब सरकार के अभियान का असर दिख रहा है। अब पूरे के पूरे पिंड नशा मुक्त हो रहे हैं। पूरे के पूरे गांव की पंचायत बैठकर नशे के खिलाफ फैसले ले रही है और कह रह रही है कि अब हमारे पिंड में कोई नशा नहीं बिकता। ये बहुत बड़ी बात है। अब इस अभियान के साथ जनता जुड़ती जा रही है। आज से तीन-चार महीने पहले कोई आदमी बताने की हिम्मत नहीं करता था कि उनके गांव में कौन नशा बेचता है। क्योंकि उसे डर लगता था।  लेकिन आज जिस तरह से पंजाब सरकार ने और पंजाब पुलिस ने नशे बेचने वालों को पकड़कर जेल में डाला है, उनके एनकाउंटर हुए हैं, उनके मकान तोड़ दिए गए, बुलडोजर चला दिए गए, तो अब जनता को यकीन हो गया कि पंजाब पुलिस और सरकार उनके साथ खड़ी है। अब लोग सामने आकर नशा बेचने वाले को बताते हैं। जो लोग नशा करते हैं, गांव के लोग अब मिलकर उनका इलाज करवा रहे हैं। ये बहुत अच्छी बात है। 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उसी कड़ी में आज जो मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की नींव रखी गई है, ये युवाओं को नशे से बाहर निकलने में मील का पत्थर साबित होगा। बच्चों को अगर कुछ काम नहीं दिया गया, कुछ खेल-कूद का अवसर नहीं दिया गया, तो वे वापस नशे में चले जाएंगे। अब बर्लटन पार्क में हजारों बच्चे रोज खेलने के लिए आएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में कई खेल के मैदान बनाने के लिए सरकार ने बजट भी पास कर दिया और काम भी शुरू हो गया है। पंजाब में 13,000 पिंड हैं। हर पिंड के अंदर एक खेल का मैदान और यूथ क्लब बनाया जा रहा है। सरकार द्वारा क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल समेत पांच खेलों के सामान हर पिंड को दिए जाएंगे ताकि बच्चे अपनी पसंद का खेल खेल सकें। इससे बहुत बड़े स्तर पर नशे से बाहर आने में मदद मिलेगी। साथ ही बच्चों के लिए रोजगार के इंतजाम भी कर रहे हैं, ताकि जो बच्चे नशा छोड़कर बाहर आते हैं, उनको रोजगार मिल सके। उन्होंने एलान किया कि गुरुओं की धरती अमृतसर में अगला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा जो मोहाली के बाद दूसरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम होगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगस्त-सितंबर में इंग्लैंड में रग्बी का मैच होगा। उस रग्बी मैच की बॉल जालंधर की एक फैक्ट्री में बन रही है। 25,000 बॉल उस मैच के लिए एक ट्रक से निकली हैं। हमने आज उस ट्रक को हरी झंडी दिखाई। इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड रग्बी टूर्नामेंट की बॉल अपने जालंधर में बनती है। क्रिकेट वर्ल्ड कप में इस्तेमाल किया जाने वाला बैट और बॉल भी जालंधर में बनता है। पिछली सरकारों ने इतना ज्यादा भ्रष्टाचार कर दिया था। इंडस्ट्री वालों से हफ्ता मांगना शुरू कर दिया था। फिरौती मांगनी शुरू कर दी थी। उनको तंग करते थे। जो उनको रिश्वत नहीं देता था, पैसा नहीं देता था, उनको काम नहीं करने देते थे। धीरे-धीरे इंडस्ट्री पंजाब छोड़कर चली गई।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब हमने ये सब बंद किया है। अब साफ-सुथरी ईमानदार सरकार है। मंगलवार को “आप” की पंजाब सरकार ने एक बहुत शानदार इंडस्ट्रियल पॉलिसी का ऐलान किया है। जितनी पंजाब की इंडस्ट्री पंजाब छोड़कर गई थी, वो भी वापस आएगी और नई इंडस्ट्री भी पंजाब में वापस आएगी। जिस तरह से पहले जालंधर में पूरी दुनिया का स्पोर्ट्स का सामान बनता था, वापस जालंधर के अंदर पूरी दुनिया का स्पोर्ट्स का सामान बनना शुरू होगा। उन्होंने कहा, पंजाब सरकार बहुत सारे नए फोकल पॉइंट शुरू करने जा रही है। लोग आएं, इंडस्ट्री लगाएं, स्पोर्ट्स का सामान बनाएं। पंजाब सरकार की तरफ से सारी मंजूरियां 45 दिन में मिलेंगी। हमारे बच्चों को रोजगार दें। बच्चे खेलेंगे, रोजगार करेंगे तो नशे से दूर रहेंगे। 

पंजाब में खेलों को पुनर्जनन करना ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान का केंद्रीय स्तंभ है- भगवंत मान

इस दौरान सीएम भगवंत मान ने जालंधर की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यहां बेमिसाल खिलाड़ी पैदा हुए हैं, जिन्होंने हॉकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि दिलाई है। भारत की राष्ट्रीय हॉकी टीम के कई खिलाड़ी इस जिले से हैं, जिनकी तीन पीढ़ियां इसके मैदानों से निकली हैं। वर्षों से राजनीतिक कुप्रबंधन के कारण पंजाब खेलों में पिछड़ गया। उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स में राज्य की खोई हुई शान को रणनीतिक प्रयासों के माध्यम से बहाल किया जाएगा। खेलों को पुनर्जनन करना ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान का केंद्रीय स्तंभ है। इसका उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशाओं में ले जाना है। उन्होंने घोषणा की कि ऐतिहासिक बर्लटन पार्क का नाम एक महान पंजाबी एथलीट के नाम पर रखा जाएगा ताकि औपनिवेशिक विरासत से मुक्ति मिले।

भगवंत मान ने कहा कि मुल्लांपुर के बाद जल्द ही जालंधर और अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम विकसित किए जाएंगे। भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के कप्तानों के साथ-साथ फुटबॉल टीम का कप्तान भी पंजाब से है। पंजाब जल्द ही खेलों में नंबर एक राज्य बन जाएगा और सरकार बुनियादी ढांचे को उन्नत करने और खिलाड़ियों को एथलेटिक्स में उत्कृष्टता प्राप्त करने में सक्षम बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की पुरातन शान को हर हाल में बहाल किया जाएगा और इसके लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। अब वह दिन दूर नहीं, जब पंजाब हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करेगा।

केजरीवाल ने इंग्लैंड में होने वाले रग्बी विश्व कप के लिए 25 हजार रग्बी बॉल की पहली शिपमेंट को रवाना किया

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने सीएम भगवंत मान के साथ महिला रग्बी विश्व कप के लिए जालंधर से इंग्लैंड भेजे जाने वाली 25,000 रग्बी बॉल की पहली शिपमेंट को हरी झंडी दी।अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जालंधर में बनी इन गेंदों का रग्बी विश्व कप में उपयोग होना गर्व का विषय है। क्रिकेट विश्व कप में भी जालंधर में बने क्रिकेट बैट का उपयोग किया जाता है, जो पंजाब और जालंधर के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि जालंधर को पूरे देश का स्पोर्ट्स कैपिटल माना जाता है। एक समय था जब जालंधर में बड़े स्तर पर खेलों का सामान बनता था, लेकिन बीच में नशे की समस्या और पूर्ववर्ती सरकारों की गलत नीतियों के कारण बहुत सारा काम बंद हो गया। काफी सारा काम जालंधर से बाहर चला गया। अब “आप” सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक नीति के तहत सारी इंडस्ट्री वापस लाई जाए और मौजूदा इंडस्ट्री को भी आगे बढ़ाया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News