10वीं, 12वीं की परीक्षा में बड़ा बदलाव

Wednesday, Feb 22, 2017 - 08:53 AM (IST)

नई दिल्ली: सैंट्रल बोर्ड ऑफ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा में बड़ा बदलाव किया है। इस बार परीक्षा में एक जैसे प्रश्नों वाले 4 प्रश्नपत्रों के बजाए 2 प्रश्नपत्र होंगे जिनमें अलग-अलग प्रश्न होंगे। नकल रोकने के लिए ऐसा किया जा रहा है साथ ही अधिक प्रश्नपत्र से होने वाले खर्च को भी प्रयोग से कम किया जा सकेगा।

सी.बी.एस.ई. के चेयरमैन राजेश कुमार चतुर्वेदी के अनुसार इस बदलाव को अभिभावकों व शिक्षा विशेषज्ञों के फीडबैक के आधार पर किया गया है। अभी केवल साइंस स्ट्रीम में ही यह बदलाव किया गया है। भविष्य में इसे अन्य स्ट्रीम्स पर भी लागू कर दिया जाएगा। सी.बी.एस.ई. की 10वीं और 12वीं की परीक्षा 9 मार्च से शुरू होने वाली है। सैट की संख्या कम होने से अतिरिक्त प्रश्नपत्र पर होने वाले खर्च को कम किया जा सकेगा। दो अलग-अलग सैट देकर एक ही बैंच पर दो परीक्षार्थी परीक्षा दे पाएंगे। हालांकि, एग्जामिनेशन हॉल में स्टूडैंट को बैठाने में सावधानी बरतनी पड़ेगी।

अभी तक इस तरह थे पेपर 
अब तक बोर्ड हर स्ट्रीम में प्रश्न पत्र 4 सैटों में तैयार करता रहा है। चारों सैट के सवाल अभी तक एक ही होते थे। अंतर सिर्फ इतना होता था कि प्रश्नों के नंबर बदल दिए जाते थे। पहले जहां स्टूडैंट्स प्रश्नों की क्रम संख्या भिन्न होने पर भी नकल कर लिया करते थे। अब बोर्ड ने ऐसी संभावना ही नहीं छोड़ी है, क्योंकि दोनों प्रश्न पत्रों में प्रश्न अलग-अलग होंगे।

Advertising