बाबा के प्रसाद में मिलाया नशा, बर्फी खाकर बेहोश हुई बुजुर्ग महिला, टली डकैती की बड़ी वारदात
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 01:08 PM (IST)
Sweets Robbery Plot : मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के अटेर अनुभाग के सुरपुरा थाना क्षेत्र के चिलौंगा गांव में प्रसाद के बहाने एक परिवार को बेहोश कर लूट की साजिश रचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के एक युवक ने पटिया वाले बाबा का प्रसाद बताकर बर्फी दी जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया गया था। बर्फी खाने के बाद बुजुर्ग महिला बेहोश हो गई। उसे भिण्ड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उपचार के बाद होश आने पर उसने प्रसाद खाने की बात बताई।
वहीं पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने पर आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। थाना प्रभारी अरविंद सिंह सिकरवार के मुताबिक आरोपी ने वारदात की साजिश स्वीकार करते हुए अपने कुछ साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। चिलौंगा निवासी 75 वर्षीय रामेश्वर दयाल शर्मा ने सुरपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 22 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह अपनी पत्नी श्रीदेवी, बेटे सुनील शर्मा, नाती मनीष शर्मा और पड़ोसियों के साथ घर के बाहर बैठे थे।
इसी दौरान गांव का मोहित भदौरिया एक डिब्बे में बर्फी लेकर पहुंचा और उसे मुरैना के पटिया वाले बाबा का प्रसाद बताकर दे गया। परिवार में केवल उनकी पत्नी श्रीदेवी ने वह प्रसाद खाया जबकि अन्य लोगों ने प्रसाद नहीं खाया। रात में सभी लोग सो गए। अगले दिन सुबह श्रीदेवी अचेत अवस्था में मिलीं। परिजन उन्हें तत्काल भिण्ड जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उनका उपचार किया गया।
यह भी पढ़ें: त्रिपुरा में सनसनी: खून से लथपथ पड़े थे माता-पिता, फंदे पर झूल रहा था बेटा, बड़ा बेटा घर लौटा तो...
बुजुर्ग महिला को कल जब होश आया तो उसने परिवार को बताया कि उसने रात में प्रसाद के रूप में दी गई बर्फी खाई थी। इसके बाद परिजनों ने बची हुई मिठाई सुरक्षित रखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों की योजना पूरे परिवार को नशीला प्रसाद खिलाकर लूट की वारदात को अंजाम देने की थी लेकिन परिवार में केवल बुजुर्ग महिला ने ही बर्फी खाई जबकि अन्य सदस्यों ने प्रसाद नहीं खाया।
यही कारण रहा कि नशीले पदार्थ का असर पूरे परिवार पर नहीं हुआ। परिवार का एक युवक रात करीब दो बजे तक घर की छत पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। इस दौरान आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ दो से तीन बार घर के आसपास भी घूमे लेकिन घर में लोगों की गतिविधियां जारी रहने और पूरा परिवार बेहोश नहीं होने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
यह भी पढ़ें: Rajasthan में मानसून का रौद्र रूप: माउंट आबू में टूटा रिकॉर्ड, उदयपुर-जोधपुर में भारी बारिश का अलर्ट
सुरपुरा थाना प्रभारी अरविंद सिंह सिकरवार ने आज यहां बताया कि आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देने की साजिश स्वीकार की है। आरोपी ने इस षड्यंत्र में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश कर रही है और पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
