UGC-NET परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी: तीन विषयों की परीक्षा रद्द, NTA सितंबर में कराएगा दोबारा एग्जाम, जानें पूरी जानकारी

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 10:25 PM (IST)

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट (UGC-NET) परीक्षा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के पेपरों में कई तरह की गंभीर गड़बड़ियां सामने आने के बाद, एजेंसी ने इन तीनों विषयों की परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रभावित उम्मीदवारों के लिए राहत की बात यह है कि इस दोबारा परीक्षा के लिए उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।

जांच समिति की रिपोर्ट में हुआ खामियों का खुलासा
NTA के मुताबिक, पेपर को लेकर शिकायतें मिलने के बाद एक विशेष समिति का गठन किया गया था। समिति की जांच में पेपर के भीतर बड़े पैमाने पर तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी गलतियां पाई गईं।

गड़बड़ी का आलम यह था कि पेपर में कई प्रमुख विद्वानों और उनकी किताबों के नाम गलत लिखे गए थे। इसके अलावा सवालों की भाषा में गंभीर त्रुटियां, व्याकरण और विराम चिह्नों की गलतियां पाई गईं। कई स्थानों पर स्थापित अवधारणाओं के लिए मानक शब्दों के बजाय गैर-मानक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इसके साथ ही, समिति को बड़ी संख्या में ऐसे सवाल भी मिले जिन्हें पहले की परीक्षाओं से सीधे तौर पर दोहरा दिया गया था।

NTA ने स्पष्ट किया कि गड़बड़ियां इस हद तक थीं कि सिर्फ गलत सवालों को हटाकर परीक्षा परिणाम तैयार करना निष्पक्ष नहीं होता। यह पेपर किसी भी तरह से निष्पक्ष और त्रुटिरहित परीक्षा के मानकों पर खरे नहीं उतर रहे थे।

9 और 10 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा (नया शेड्यूल)
NTA द्वारा रद्द किए गए तीनों विषयों की नई परीक्षा आगामी 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जाएगी, जिसका विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • अंग्रेजी (English): 9 सितंबर को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
  • कॉमर्स (Commerce): 9 सितंबर को दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक।
  • समाजशास्त्र (Sociology): 10 सितंबर को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News