डीजल को लेकर आई बड़ी खुशखबरी, सरकार ने बताई ये बात
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 12:36 AM (IST)
नेशनल डेस्क : देश के कई हिस्सों में डीजल की कमी के कारण लोग पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगा रहे है। इस बीच केंद्र सरकार ने एक बयान जारी किया है। सरकार ने साफ तौर पर बताया है कि देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। सरकार ने लोगों को अफवाहों से बचने के लिए कहा और घबराहट में ईंधन खरीदने से परहेज करना चाहिए। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कहना है कि देशभर में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाकर ‘पैनिक बाइंग’ की स्थिति पैदा न करें।
डीजल उत्पादन मांग से ज्यादा
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने गुरुवार को डीजल उत्पादन और खपत के ताजा आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि अप्रैल महीने में भारत में कुल 10 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) डीजल का उत्पादन हुआ, जबकि देश की कुल मासिक खपत करीब 8 मिलियन मीट्रिक टन रही। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों से साफ है कि देश में मांग के मुकाबले करीब 2 MMT अतिरिक्त डीजल उपलब्ध है। ऐसे में डीजल की कमी की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
पेट्रोल पंपों पर बढ़ी 25% तक मांग
मंत्रालय के अनुसार, हाल के दिनों में पेट्रोल पंपों पर अचानक ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। सुजाता शर्मा ने बताया कि वर्तमान में ईंधन की मांग में 20 से 25 प्रतिशत तक उछाल दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर हर पेट्रोल पंप पर 2 से 3 दिनों का अग्रिम स्टॉक मौजूद रहता है, लेकिन जब लोग अचानक जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने लगते हैं तो सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स पर दबाव बढ़ जाता है। इसी वजह से कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से आपूर्ति प्रभावित नजर आ सकती है।
LPG को लेकर भी सरकार ने दी सफाई
रसोई गैस यानी LPG की उपलब्धता को लेकर भी सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत अपनी कुल LPG जरूरतों का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा आयात करता है। इसके बावजूद सरकार ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सरकार ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और तेल विपणन कंपनियां लगातार यह सुनिश्चित कर रही हैं कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और LPG की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहे।
