MP में बड़ा हादसा: कुआं धंसने से पांच मजदूरों की दबकर मौत, रेस्क्यू अभियान जारी
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 04:00 PM (IST)
नेशनल डेस्क: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से पांच मजदूर के मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अजयगढ़ जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के नयापुरवा में आज सुबह खेत पर कुएं की खुदाई का कार्य चल रहा था।
बताया जा रहा है कि पिछले लगभग दस दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई कर रहे थे। बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे दो मजदूर पानी पीने के लिए कुएं से ऊपर आए थे। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई और अंदर काम कर रहे पांच मजदूर मलबे में दब गए। जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बचाव कार्य के दौरान 5 मजदूर का शव बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य मजदूरों की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ऊषा परमार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं।
