झारखंड में बड़ा हादसा: तालाब में नहाने गई दो बच्चियों की डूबकर दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 03:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: झारखंड के गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंबा गांव में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 

रातभर आसपास के इलाकों बच्चियों को तलाश रहे थे परिजन 
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की आठ वर्षीय बेटी प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीय बेटी रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने निकली थीं। शाम तक दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने रातभर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

तालाब में दोनों बच्चियों के मिले शव 
बुधवार सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ बच्चों की नजर तालाब में दोनों बच्चियों पर पड़ी। बच्चों ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर उंटारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानिए घटना पर क्या बोली पुलिस 
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने के लिए गई थीं। भीषण गर्मी के कारण वे तालाब में नहाने उतर गईं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इस तालाब में डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर घेराबंदी कराने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और चेतावनी बोडर् लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं एसडीपीओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हुई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News