घर में पटाखों के धमाके से बड़ा हादसा, एक व्यक्ति की मौत, 5 अन्य घायल

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 08:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क : ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक घर में पटाखों के धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना तिरतोल पुलिस थाना क्षेत्र के चांदपुर महिला गांव में हुई। मृतक की पहचान मनोरंजन स्वैन के रूप में की गई है।

पुलिस ने बताया कि जलने से घायल हुए पांच लोगों में स्वैन का बेटा सौम्य साहिल, पत्नी लक्ष्मी और उनका किराएदार राहुल राज महंत शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से झुलसे दो घायलों को इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन अन्य घायल जगतसिंहपुर के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती हैं।

तिरतोल के उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अजय कुमार दास ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि स्वैन ने अपने घर में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे थे। वह इलाके में शादी-समारोहों के लिए पटाखे और गाना बजाने वाले उपकरण मुहैया कराता था। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News