PICS: शनि मंदिर में हुआ कुछ ऐसा कि....टूटी 400 साल पुरानी परंपरा, मचा बवाल

Sunday, Nov 29, 2015 - 02:39 PM (IST)

मुंबई: एक महिला द्वारा शनि देव को तेल चढ़ाने पर विवाद हो गया। महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर में एक महिला को शनि महाराज को तेल चढ़ाना काफी मंहगा पड़ गया। सूत्रों के अनुसार रविवार को मंदिर का शुद्धिकरण किया गया। ट्रस्ट का कहना है कि 400 साल की परंपरा में पहली बार किसी महिला ने मंदिर के चबूतरे पर चढ़कर शनि महाराज को तेल चढ़ाया जबकि यहां ऐसा नहीं होता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गत शनिवार दोपहर तीन बजे पुणे की एक महिला अचानक शनि मंदिर के चबूतरे पर पहुंच गई। उसने वहां तेल अर्पित कर दर्शन कर लिए। सिक्युरिटी गार्ड्स को बाद में मामला समझ आया लेकिन तब तक महिला वहां से निकल चुकी थी। उस वक्त वहां कई श्रद्धालु मौजूद थे। 15 साल पहले भी शनि मंदिर में महिलाओं की एंट्री पर बैन का विरोध हुआ था। तब जाने-माने रंगकर्मी डॉ. श्रीराम लागू भी महिलाओं के पक्ष में मुहिम से जुड़े थे।

वहीं शनि मंदिर के ट्रस्टी सयाराम बनकर ने कहा कि इस घटना से देवस्थान की सुरक्षा-व्यवस्था की पोल खुल गई है। इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। घटना के बाद ग्राम सभा ने फैसला किया कि मंदिर का शुद्धिकरण करना जरूरी है। परंपरा के मुताबिक, इस मंदिर में पिछले 400 साल से किसी महिला को तेल चढ़ाने या अंदर जाकर पूजन करने की इजाजत नहीं है।

ट्रस्ट का दावा है कि मुंबई हाईकोर्ट ने भी पहले इस परंपरा को सही ठहराया था। इस मामले के बाद ग्राम सभा ने कार्रवाई करते हुए 7 सिक्युरिटी गार्ड्स को सस्पेंड कर दिया है। घटना के विरोध में शनि शिंगणापुर में बंद का एलान भी हुआ किया गया है। बता दें कि महाराष्ट्र में शिरडी के पास शनि शिंगणापुर मंदिर स्थित है। रोजाना हजारों श्रद्धालु यहां आते हैं। बताया जाता है कि शनि शिंगणापुर कस्बे के किसी भी घर में दरवाजा (गेट) नहीं है और न ही यहां घरों में ताला लगाया जाता है।

Advertising