महाराष्ट्र के छह निर्दलीय विधायकों ने दी समर्थन वापस लेने की धमकी

Friday, Jul 27, 2018 - 12:37 AM (IST)

मुंबई : महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस के बारे में जारी राजनीतिक अटकलों के बीच छह विधायकों ने गुरुवार को चेतावनी दी कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में नेतृत्व में कोई बदलाव किया तो वे सरकार से समर्थन वापस ले लेंगे। निर्दलीय विधायकों के गुट के नेता रवि राणा ने कहा कि अगर इस प्रकार का प्रयास किया गया तो हम राज्य सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेंगे।

बुधवार को शिवसेना के सांसद संजय राउत ने यह दावा करके सनसनी फैला दी थी कि पिछले तीन दिनों से राज्य में जारी हिंसक हुए मराठा आरक्षण आंदोलन के कारण भाजपा का शीर्ष नेतृत्व फडऩवीस को हटाने पर मंथन कर रहा है। भाजपा की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने हालांकि तुरंत इससे इंकार करते हुए इसे राउत की अफवाह फैलाने की कोशिश करार दिया। सरकार के सहयोगी दल शिवसेना ने भी इस मुद्दे पर सरकार की आलोचना की।

विपक्षी दल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने राज्य सरकार पर मराठा आरक्षण के मुद्दे से निपटने में असफल रहने का आरोप लगाया। राणा ने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री मराठा समुदाय को आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम उनको किसी भी तरह से हटने नहीं देंगे। भाजपा ने अगर उनको हटाने का प्रयास किया तो हम राज्य सरकार से समर्थन वापस ले लेंगे।

shukdev

Advertising