महाराष्ट्र में चूहा घोटाला! 7 दिन में मार दिए गए 3 लाख चूहे

Friday, Mar 23, 2018 - 05:27 PM (IST)

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार के सचिवालय में हुए चूहा घोटाले को लेकर फडणवीस सरकार कटघरे में आती हुई दिखाई दे रही है।  महाराष्ट्र के पूर्व राजस्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने महाराष्ट्र में 'चूहा घोटाला' का पर्दाफाश करते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। 

एक सप्ताह में मारे गए 3 लाख से ज्यादा चूहे 
उन्होंने कहा कि मंत्रालय के रख-रखाव की जिम्मेदारी प्रशासन के पास है और इसके प्रमुख मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं। वरिष्ठ बीजेपी नेता ने विधानसभा में कहा कि मंत्रालय में एक सप्ताह में 3 लाख से ज्यादा चूहे मारे गए हैं, इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि बीएमसी दो साल में छह लाख चूहे ही मारती है और मंत्रालय ने मात्र सात दिन में तीन लाख से ज्यादा चूहे मार दिए। 2016 में एक निजी कंपनी को दिए ठेके की शर्तों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 6 महीने में मंत्रालय के चूहे खत्म करने थे लेकिन यह काम महज 7 दिन में निपटा दिया गया।  खडसे का कहना है कि एक दिन में 900 क्विंटल यानी कि 9 टन चूहे मारे। इतने चूहे एक ट्रक में ले जाकर दफनाने पड़े होंगे। यह कारनामा कैसे हुआ इसकी जांच होनी चाहिए।  

Punjab Kesari

Advertising