महादेव का अवतार बताकर किया शोषण! सामने आई फर्जी बाबा ऋषिकेश वैद्य की खौफनाक सच्चाई

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 06:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: Maharashtra में एक बार फिर तथाकथित धर्मगुरुओं की करतूतों ने सनसनी फैला दी है। पहले से चल रहे मामलों के बीच अब एक और स्वयंभू बाबा पर गंभीर आरोप लगे हैं। इस बार आरोप Rishikesh Vaidya पर है, जो खुद को आध्यात्मिक गुरु बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाने का आरोप झेल रहा है।

वसई से पुणे तक फैला मामला

पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला Vasai के माणिकपुर थाने में दर्ज किया गया था, जिसे आगे की जांच के लिए Pune के हडपसर थाने को सौंप दिया गया है। महिला पुणे की रहने वाली बताई जा रही है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई कहानी

शिकायत के अनुसार, साल 2023 में फेसबुक के जरिए महिला की पहचान आरोपी से हुई। उसने खुद को एक धार्मिक संस्था से जुड़ा गुरु बताकर महिला का भरोसा जीता। अध्यात्म और पूजा-पाठ का सहारा लेकर वह धीरे-धीरे महिला के करीब पहुंच गया।

धार्मिक झांसे में लेकर किया शोषण का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने खुद को भगवान का अवतार बताकर उसे भ्रमित किया और एक लॉज में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। इस दौरान कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड किए गए।

वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी ने उन्हीं वीडियो और तस्वीरों के आधार पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसे बार-बार मिलने के लिए मजबूर किया गया और मानसिक दबाव बनाया गया।

हिम्मत जुटाकर दर्ज कराई शिकायत

कुछ समय पहले सामने आए अन्य फर्जी बाबा मामलों से प्रेरित होकर पीड़िता ने आखिरकार अपने परिवार को पूरी बात बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामला दर्ज होते ही जांच तेज कर दी गई।

आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी

पुलिस जब आरोपी को पकड़ने उसके घर पहुंची, तब वह फरार मिला। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

सोशल मीडिया पर खुद को बताया बेगुनाह

वहीं आरोपी ने सोशल मीडिया पर खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया है कि उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज किया गया है और सच्चाई जल्द सामने आएगी।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD