महाराष्ट्र कांग्रेस ने शुरू की लोकसभा चुनाव की तैयारी, उम्मीदवारों के चयन में जुटी

Monday, Jan 28, 2019 - 10:32 PM (IST)

मुंबईः महाराष्ट्र कांग्रेस संसदीय बोर्ड की यहां मंगलवार से शुरू हो रही दो दिवसीय बैठक के दौरान लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी से उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि संसदीय बोर्ड द्वारा मराठवाड़ा, उत्तर महाराष्ट्र, पश्चिम महाराष्ट्र से उम्मीदवारों की सूची को मंगलवार को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि विदर्भ और मुंबई के लिए 30 जनवरी को यह प्रक्रिया की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस और शरद पवार नीत राकांपा तथा अन्य दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर वार्ता तकरीबन पूरी हो गई है और जल्द ही निष्कर्ष आ जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के चुनाव अभियान के तहत पार्टी के नेता फरवरी में कम से कम 50 बैठकें करेंगे और राज्य के उन जिलों में भी जाएंगे, जिन्हें पार्टी की जन संघर्ष यात्रा के तहत कवर नहीं किया जा सकेगा।

कांग्रेस, राकांपा और राजू शेट्टी की स्वाभिमानी शेतकारी संगठन गठबंधन के लिए सहमत हो गए हैं जबकि प्रकाश आंबेडकर की भारिप बहुजन महासंघ और समाजवादी पार्टी अब तक इसमें इसमें शामिल नहीं हुई है। राज्य में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं। कांग्रेस और राकांपा के बीच अब तक अहमदनगर, नंदूरबार, रावेर, जालना, औरंगाबाद और रत्नागिरि - सिंधुदुर्ग पर कोई समझौता नहीं हुआ है। इन सीटों में रावेर और अहमदनगर पर राकांपा परंपरागत रूप से चुनाव लड़ती रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और राकांपा प्रमुख शरद पवार के बीच वार्ता के बाद राकांपा ने पुणे और यवतमाल - वाशिम सीटों पर अपना दावा छोड़ दिया है। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के 26 जबकि राकांपा के 22 सीटों पर चुनाव लडऩे की संभावना है।

Yaspal

Advertising