महाराष्ट्रः दिल्ली आएंगे सीएम और डिप्टी सीएम, कैबिनेट विस्तार पर हो सकती है चर्चा

Monday, Jul 18, 2022 - 06:41 PM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज शाम दिल्ली आएंगे। दोनों नेता दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में महाराष्ट्र के कैबिनेट विस्तार पर मुहर लग सकती है। सूत्रों के मुताबिक, शिंदे और फडणवीस के साथ 12 सांसद भी दिल्ली आएंगे।

कैबिनेट विस्तार से पहले दोनों नेताओं का यह दिल्ली दौरा बेहद अहम माना जा रहा। इसी दौरे में महाराष्ट्र में कैबिनेट विस्तार का रास्ता साफ होगा। एकनाथ शिंदे गुट के कितने विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे और भाजपा के खाते में कितने मंत्रालय जाएंगे। अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद तय हो जाएगा।

इसी हफ्ते हो सकता है कैबिनेट विस्तार
30 जून को नई सरकार के गठन के बाद अभी तक महाराष्ट्र में कैबिनेट विस्तार नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन के बाद अभी तक कैबिनेट विस्तार नहीं हुआ है। सभी मंत्रालयों का कामकाज मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ही देख रहे हैं। दिल्ली दौरे के बाद माना जा रहा है कि इसी हफ्ते महाराष्ट्र सरकार का कैबिनेट विस्तार हो सकता है। इससे पहले शिंदे और फडणवीस शपथ लेने के बाद दिल्ली दौरे पर आए थे। दोनों नेताओं ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी।

बता दें कि महाराष्ट्र में नाटकीय तरीके से शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ ही देंवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। हालांकि पहले फडणवीस ने सरकार को बाहर से समर्थन देने का ऐलान किया था लेकिन भाजपा हाईकमान के बाद सरकार में शामिल हुए। 

Yaspal

Advertising