महाराष्ट्रः भाजपा ने 30 अक्टूबर को बुलाई विधायकों की बैठक, चुना जाएगा विधानमंडल का नेता

Saturday, Oct 26, 2019 - 04:26 PM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को कहा कि पार्टी ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए 30 अक्टूबर अपने नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक बुलायी है। पाटिल ने कहा कि विधान भवन में दोपहर बाद एक बजे यह बैठक होगी। इस बीच, मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस समर्थन के लिए निर्दलीय के साथ-साथ छोटे दलों के 15 विधायकों के संपर्क में हैं। हाल ही में संपन्न हुए राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा को 105 सीटों पर जीत हासिल हुई है। 288 सदस्यीय विधानसभा में इस बार भाजपा की सीटे घटी हैं। पिछली बार भाजपा को 122 सीटें मिली थी।

शिवसेना ने फंसाया पेंच
वहीं, भाजपा की सहयोगी शिवसेना राज्य में 50-50 के फॉर्मूले की बात कर रही है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा था कि लोकसभा चुनाव के दौरान अमित शाह उनके घर मातो श्री आए और उनके साथ 50-50 फॉर्मूले पर समझौता हुआ था। हालांकि भाजपा इस बात पर सहमत नहीं दिख रही है। भाजपा अपने पास पांच साल तक मुख्यमंत्री पद रखना चाहती है।गौरतलब है कि ठाकरे परिवार से पहली बार आदित्य ठाकरे ने विधासनभा चुनाव में उतरे और वर्ली सीट से जीत दर्ज की है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा था कि अगला मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा।

विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि मुख्यमंत्री का पद उनके लिए रिजर्व है। उपमुख्यमंत्री कोई भी हो। उससे उन्हें कोई समस्या नहीं। लेकिन मुख्यमंत्री का पद भाजपा के पास रहेगा।
  
क्या है शिवसेना की मांग

  • ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद
  • पहले ढाई साल भाजपा का मुख्यमंत्री, उसके बाद शिवसेना का मुख्यमंत्री
  • कैबिनेट में बराबर की साझेदारी
  • आदित्य ठाकरे बन सकते हैं शिवसेना की ओर से उप-मुख्यमंत्री

Yaspal

Advertising