तुमने अगर पड़ोसी के साथ संबंध नहीं बनाए तो... वॉइस चेंजर ऐप के जाल में फंसी महिला, फिर एक दिन...

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 12:09 PM (IST)

चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से तंत्र-मंत्र, अंधविश्वास और आधुनिक तकनीक के घालमेल का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चिमूर तहसील के नेरी गांव में एक 60 वर्षीय व्यक्ति पर आरोप लगा है कि उसने वॉइस-मॉड्यूलेशन (आवाज बदलने वाले ऐप), ज्योतिष और दैवीय शक्तियों का डर दिखाकर एक विधवा महिला का मानसिक व शारीरिक शोषण करने की कोशिश की।

हालांकि पीड़िता के मृत पति के मोबाइल में पहले से ऑन 'ऑटो कॉल रिकॉर्डिंग' की आदत ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार पीड़िता के पति का हाल ही में कैंसर की बीमारी के कारण निधन हुआ था। पति की मृत्यु के बाद आरोपी जिसकी पहचान 60 वर्ष दत्तू पिसे के रूप में हुई है ने महिला को निशाना बनाना शुरू कर दिया। 

आरोपी दत्तू पिसे ने खुद को 'विद्या गोखले' नाम की एक महिला सरकारी अधिकारी और दैवीय शक्तियों से संपन्न महिला बताकर पीड़िता को फोन करना शुरू किया। आरोपी ने अपनी आवाज बदलने वाली ऐप या महिला की आवाज की नकल के जरिए पीड़िता से कहा कि यदि उसने अपने पड़ोसी (जो कि खुद दत्तू पिसे था) के साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाए तो उसके और उसके परिवार पर भयंकर दैवीय प्रकोप टूटेगा।

यह भी पढ़ें: Earthquake Video: इस देश में तड़के अचानक कांपी धरती, दूर-दूर तक से हिली इमारतें, झटके में उड़ी लोगों की नींद

आरोपी की बातों से परेशान होकर जब पीड़िता ने अपने मोबाइल में मौजूद कॉल रिकॉर्डिंग्स को ध्यान से सुना तो सच्चाई सामने आ गई। पीड़िता के पति के फोन में हर कॉल रिकॉर्ड करने का फीचर ऑन था। रिकॉर्डिंग सुनने पर महिला ने बातचीत की शैली, लहजे और शब्दों की बनावट से तुरंत पहचान लिया कि कॉल करने वाली कोई महिला अधिकारी नहीं बल्कि उसका पड़ोसी दत्तू पिसे ही है।

महिला ने बिना देरी किए चिमूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरा मामला दर्ज कराया और सबूत के तौर पर कॉल रिकॉर्डिंग से भरा मोबाइल पुलिस को सौंप दिया। जिसके बाद मामला दर्ज होते ही आरोपी दत्तू पिसे गांव छोड़कर फरार हो गया है।

यह भी पढ़ें: Heavy Rainfall Alert: इन राज्यों के 50 जिलों में भारी बारिश और बिजली दिखाएंगे अपना तांडव, IMD का बड़ा अलर्ट जारी

जानकारी के मुताबिक आरोपी पूर्व में एक राजनीतिक दल का तहसील उपाध्यक्ष रह चुका है और वर्तमान में चिमूर कृषि उत्पादन बाजार समिति (APMC) में निदेशक के पद पर कार्यरत था। फिलहाल चिमूर पुलिस ने धोखाधड़ी, अंधविश्वास फैलाने और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News