गुस्साए कांग्रेस MLA का कारनामा, सरकारी अधिकारी पर फेंकी 'मछली'

Friday, Jul 07, 2017 - 10:18 AM (IST)

मुंबई: कांग्रेस विधायक नीतेश राणे ने आज महाराष्ट्र सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी पर कथित तौर पर मछली फेंक दी। यह घटना कोंकण क्षेत्र में मछुआरा समुदाय के एक वर्ग के समक्ष पेश आ रही समस्या पर एक बैठक के दौरान हुई। स्थानीय समाचार चैनल द्वारा प्रसारित एक वीडियो क्लीप में राणे लोगों से खचाखच भरे कार्यालय में विधायक अचानक से अपना आपा खो बैठते हैं और सिंधुदुर्ग के मत्स्य पालन आयुक्त पर मरी हुई मछली फेंक देते हैं। इस घटना के बाद मत्स्य विभाग के अधिकारियों में रोष है, पर राणे के सामने उनकी बोलती बंद है। 

'अधिकारियों पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप'
बताया जा रहा है कि विधायक नीतेश दर्जनों समर्थकों के साथ मछुआरों की विभिन्न मांगों को लेकर सहायक मत्स्य आयुक्त वैश के कार्यालय पहुंचे। नीतेश ने आरोप लगाया कि अधिकारी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, लोगों की समस्याएं नहीं हल करते। अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नीतेश ने कहा कि लोगों की परेशानी के चलते उन्हें अधिकारी के पास आना पड़ा। उन्हाेंने कहा कि पिछले साल फरवरी में एक शासनादेश जारी किया गया था। इसके तहत समुद्र तट से 12 नॉटिकल मील तक पारंपरिक मछुआरों को, जबकि उसके बाद पर्सियन जाल वाले मछुआरों को मछली मारने की इजाजत दी गई थी। लेकिन अधिकारियों से मिलीभगत कर पर्सियन जाल वाले मछुआरे 12 नॉटिकल मील के भीतर मछली पकड़ने का काम कर रहे हैं। इससे कोकण किनार पट्टी के करीब 34 हजार पारंपरिक मछुआरों के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे, इसीलिए कड़ा रुख अपनाना पड़ा। 

Advertising