महाराजा हरि सिंह की जयंती पर बांटा गया 108 किलो का लड्डू, अवकाश घोषित नहीं

Saturday, Sep 23, 2017 - 12:49 PM (IST)

 जम्मू: जम्मू कश्मीर के पूर्व महाराजा हरि सिंह के 123वें जन्मदिन को आज पूरे डुग्गर प्रदेश में धूम धाम से मनाया जा रहा है। जम्मू के तवी पुल पर अखिल भारतीय क्षत्रीय सभा ने पूरे 108 किलो का लड्डू बांटकर महाराजा के जन्मदिन पर लोगों में बांटा। सभा ने कहा कि महराजा के समय में भी बड़े लड्डू बांटे जाते थे और हरि सिंह जैसे राजा ने अपने राज्य के लिए बहुत कुछ किया है। शहर भर में युवाओं ने हाथों में तलवारें लेकर मोटर साइकिल पर रैलियां निकालीं और महाराजा हरि सिंह व जय राजपूताना के नारे लगाए।


महाराज हरि सिंह के योगदान भूलाए नहीं जा सकते हैं। जम्मू कश्मीर आज अगर भारत का हिस्सा है तो विलय का ऐतिहासिक फैसला लेने वाले महाराजा ही थे। पूरे संभाग में महाराजा का जन्मदिन धूम धाम से मनाया जा रहा है। लोगों ने आज के दिन सरकारी अवकाश की मांग की थी जो सरकार ने नहीं मानी। वहीं जम्मू के विभिन्न प्राइवेट स्कूलों ने महाराजा हरि सिंह के जन्मदिन पर स्कूल बंद रखे।


पीडीपी ने नहीं की छूट्टी
भारतीय जनता पार्टी लोगों से वादा कर चुकी थी कि महाराजा हरि सिंह के जन्मदिन पर सरकारी अवकाश घोषित किया जाएगा पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने उसकी यह मांग नहीं मानी। पीडीपी ने कश्मीर में अपने वोट बैंक को देखते हुए सहयोगी भाजपा की मांग को मानने से इनकार कर दिया। हांलाकि शुक्रवार रात तक इस बात की उम्मीद की जा रही थी कि सरकार अवकाश घोषित कर देगी पर ऐसा हुआ नहीं।


लोगों में नाराजगी
जम्मू के लोगों में भाजपा सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि 1931 में महाराजा के खिलाफ विद्रोह करने वाले लोगों की याद में अवकाश होता है और शहीदी दिवस मनाया जाता है पर जिसने राज्य के लिए इतना कुछ किया और भारत में जम्मू कश्मीर का विलय करवाया उसकी याद में कोई अवकाश क्यों नहीं। भाजपा के नेताओं का पहले ही लोगों के बीच विश्वास कम हो गया है और अब लोगो की नाराजगी और बढ़ गई है।

 

Advertising