महागठबंधन अटूट, भाजपा को खुश होने की जरूरत नहीं : कांग्रेस

Friday, Jul 14, 2017 - 10:24 PM (IST)

पटना : बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उनके इस्तीफे को लेकर सत्तारूढ़ महागठबंधन के प्रमुख घटका राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) में मचे घमासान के बीच तीसरे घटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि महागठबंधन अटूट है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास खुश होने की कोई वजह नहीं है।

चौधरी ने चारा घोटाला मामले में सीबीआई की विशेष अदालत में पेशी के बाद रांची से पटना लौटे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के साथ उनके दस सर्कुलर रोड स्थित आवास पर देर शाम बैठक की। इस बैठक में राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे और पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह के साथ राजद के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे। बैठक में प्रदेश में उत्पन्न राजनीतिक संकट का समाधान ढूंढने के लिए विस्तृत चर्चा हुई।

शिक्षा मंत्री ने बैठक के बाद कहा, बिहार में महागठबंधन अटूट है और राज्य में पिछले कुछ दिनों के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भाजपा को खुश होने की जरूरत नहीं है। महागठबंधन में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफी सम्मान है और राज्य की जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए यह सरकार चलती रहेगी।

Advertising