मध्यप्रदेश के पन्ना में 149 हीरों की होगी नीलामी

Saturday, Jul 09, 2016 - 09:10 PM (IST)

पन्ना: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की उथली खदानों से प्राप्त कुल 149 नग हीरों की नीलामी कलेक्टोरेट परिसर में स्थित हीरा कार्यालय में 25 जुलाई से की जाएगी। कलेक्टर शिवनारायण सिंह चौहान ने बताया कि नीलामी 25 जुलाई से प्रारंभ की जाएगी। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से एक बजे तक हीरों का निरीक्षण किया जाएगा। दोपहर दो बजे से शाम 5.30 बजे हीरो की बोली की जाएगी। 

 
इसमें उज्जवल, मैले एवं औद्योगिक किस्म के लगभग 149 हीरे हैं, जिनका कुल वजन लगभग 108.91 कैरेट है। इनकी अनुमानित राशि लगभग 24 लाख सात हजार 827 रुपये है। इच्छुक बोलीदार पांच हजार रुपये की अमानत राशि जमा करके बोली में भाग ले सकते हैं। उच्चतम बोली वाले बोलीदार को अंतिम निर्णय के तुरन्त बाद नीलामी राशि का 20 प्रतिशत तत्काल जमा करना होगा। शेष राशि 30 दिन में जमा करना अनिवार्य होगी।
 
Advertising