मध्य प्रदेशः 12 जून को प्रियंका गांधी आएंगी जबलपुर, नर्मदा पूजन के बाद जनसभा को करेंगी संबोधित

Wednesday, Jun 07, 2023 - 11:35 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 12 जून को जबलपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। पार्टी के एक नेता ने बुधवार को यह जानकारी दी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने संवाददाताओं को बताया कि प्रियंका सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे जबलपुर पहुंचेंगी और हवाई अड्डे से ग्वारी घाट जाकर मां नर्मदा की पूजा करेंगी। 

उन्होंने बताया कि इसके बाद प्रियंका शहीद स्मारक पहुंचेंगी, जहां वह नई दिल्ली रवाना होने से पहले एक सभा को संबोधित करेंगी। कांग्रेस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस रही है। कांग्रेस मध्य प्रदेश में मार्च 2020 में विधायकों के एक वर्ग द्वारा विद्रोह के बाद सत्ता गंवाने के बाद वापसी की कोशिश करेगी। 

इससे पहले, 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके प्रति वफादार 20 से अधिक विधायकों के विद्रोह के बाद गिर गई थी। इसके बाद मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार की वापसी हुई। सिंधिया अब केंद्र की भाजपा नीत सरकार में मंत्री हैं। पिछले चुनावों में कांग्रेस ने 230 सदस्यीय विधानसभा में 114 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा को 109 सीटें मिली थी। 
 

Pardeep

Advertising