विकास के एजेंडे से नहीं हटेगी सरकार :नायडू

punjabkesari.in Thursday, Apr 27, 2017 - 04:28 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने आज कहा कि सरकार विकास के अपने एजेंडे से नहीं हटेगी, भले ही कुछ तत्व मीडिया में नकारात्मक सुर्खियां बनाते रहें। नायडू ने यहां एक समारोह में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक विमर्श की शब्दावली बदल दी है। यह केवल विकास है। अन्य सारी चीजें जो आप अखबारों में देखते हैं, वे केवल सुर्खियों के लिए होती हैं लेकिन हम विकास के अपने रास्ते से हटते नहीं हैं।’’ सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा कि सरकार एेसे तत्वों की विचारधारा में भरोसा नहीं करती जो जब तब समस्या पैदा करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह सरकार की नीति नहीं है और देश एेसे लोगों से सहमत नहीं है। हमारा ध्यान विकास और सुशासन पर है।’’  हालांकि नायडू ने किसी घटना विशेष या खबर का जिक्र नहीं किया।  

एक दिन पहले ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि गौरक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘सभी को कानून का पालन करना होगा। जहां भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं, मामले दर्ज किये गये हैं और गिरफ्तारियां हुई हैं।’’  शहरी विकास मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे नायडू यहां ‘स्मार्ट सिटीज’ से संबंधित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।  उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले दो साल में शहरी विकास और आवासीय योजनाओं के लिए 2.85 लाख करोड़ रपये के निवेश को मंजूरी दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News