एयरहोस्टेस मौत मामले में सामने आया नया मोड़, पति ने छुपाई थी ये बड़ी बात

Wednesday, Jul 18, 2018 - 12:24 PM (IST)

नई दिल्ली: लुफ्तांसा एयरलाइंस की एयरहोस्टेस अनिशिया की मौत के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस को इस मामले में संदेह है कि अनिशिया ने अपने पति से खफा होकर ऐसा कदम उठाया क्योंकि उसे हाल में पता चला था  कि वह तलाकशुदा है। इस मामले से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने अपनी बात में बताया कि अनिशिया बत्रा जर्मन एयरलाइन के लिए काम किया करती थी। अनिशिया को एक महीने पहले ही पता चला था कि उनका पति मयंक सिंघवी तलाकशुदा है।


वरिष्ट अधिकारी ने बताया कि सिंघवी ने अपनी पहली शादी के बारे में अनिशिया को बत्रा को नहीं बताया था। जब उसे इसके बारे में पता चल तो वह इसके चलते बहुत दुखी हुई।  इसके बाद से ही दोनों के बीच में  काफी बहस भी हुई। वह शुक्रवार को अपने घर की छत से कथित रूप से कूद गई थीं। उसका पति उसे नजदीक के एक अस्पताल में लेकर गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।  अनिशिया के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसका पति उसे शारीरिक रूप से प्रताडि़त करता था। पुलिस ने बताया कि अनिशिया के पति से एक घंटे पूछताछ की गई और बाद में शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे कल एक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। 


पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों के एक दल ने आज दूसरी बार अनिशिया के शव का पोस्टमार्टम किया और इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई।  पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अनिशिया के पति की बीएमडब्ल्यू कार, उसकी हीरे की अंगूठी और उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने यद्यपि संबंधित चीजें उठा लीं हैं, लेकिन घटना की कडिय़ां जोडऩे के लिए एक फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने अनिशिया और उसके पति के बैंक खातों का विवरण भी मांगा है और उन पर रोक लगायी जाएगी। 


अनिशिया की शादी को दो साल से ज्यादा वक्त हो चुका था और वह अपने पति के साथ हौजखास में रहती थी। पुलिस ने बताया कि छत से कूदने से पहले अनिशिया ने अपने पति को एक मैसेज भेजा था कि वह अपने आप को खत्म कर लेगी। अनिशिया का पति गुरूग्राम में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और उसने पुलिस को बताया कि उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस ने बताया कि उनके बीच शुक्रवार को भी झगड़ा हुआ था जिसके बाद अनिशिया कथित तौर पर छत से कूद गई।  

Anil dev

Advertising