LPG Supply India: अब नहीं होगी गैस की कमी, LPG खरीद पर सरकार का बड़ा बदलाव

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 08:26 AM (IST)

LPG Supply India: मीडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने रसोई गैस (LPG) की सप्लाई को लेकर बड़ा बदलाव किया है। भारत सरकार ने LPG की सप्लाई को सुरक्षित बनाए रखने के लिए अब देश केवल सप्लायर देशों पर निर्भर नहीं रहेगा, बल्कि जरूरत के अनुसार दुनिया के अलग-अलग देशों से तुरंत गैस खरीद की जा रही है।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने सरकारी सूत्रों के मुताबिक, तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने हाल ही में अमेरिका समेत कई देशों से अतिरिक्त LPG कार्गो बुक किए हैं। ये गैस Shipment जून और जुलाई तक भारत पहुंचने की उम्मीद है, जिससे बाजार में किसी तरह की कमी न हो। 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि पहले भारत अपनी लगभग 60% LPG जरूरत आयात के जरिए पूरी करता था। अब सरकार घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दे रही है, ताकि भविष्य में आयात पर निर्भरता कम हो सके।

भारत में रोजाना करीब 80,000 टन LPG की मांग
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में रोजाना करीब 80,000 टन LPG की मांग है। हाल के समय में घरेलू उत्पादन को बढ़ाकर लगभग 46,000 टन प्रतिदिन कर दिया गया है, जो पहले से करीब 20% ज्यादा है। बाकी जरूरत को पूरा करने के लिए अब आयात के नए विकल्प तलाशे जा रहे हैं।

पहले भारत की लगभग 90% LPG सप्लाई खाड़ी देशों- जैसे UAE, कतर, सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और ओमान-से आती थी। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब भारत ने अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस जैसे देशों से भी गैस खरीदना शुरू कर दिया है। इससे सप्लाई ज्यादा सुरक्षित और विविध (diversified) हो गई है।

सरकार ने यह भी बताया कि करीब 8 लाख टन LPG की सप्लाई पहले ही बुक की जा चुकी है, जो भारत की ओर आ रही है। खास बात यह है कि हालिया तनाव के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से होकर आने वाले 10 जहाजों में से 9 में LPG ही थी। इससे साफ है कि सरकार इस क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है।

विशेषज्ञों का मानना है कि spot buying की नीति संकट के समय काफी कारगर साबित होती है। इससे देश को तुरंत जरूरत के हिसाब से गैस मिल जाती है और कीमतों पर भी कुछ हद तक नियंत्रण रहता है। उपभोक्ताओं के लिए यह एक राहत भरी खबर है। सरकार के नए कदमों के चलते आने वाले महीनों में LPG सिलेंडर की कमी की संभावना बहुत कम है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी परिस्थिति में देश में रसोई गैस की सप्लाई बाधित नहीं होने दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News