भगवान महाकाल ने भक्तों को दिए 3 रूपों में दर्शन

Monday, Jul 24, 2017 - 10:12 PM (IST)

उज्जैन: मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में आज श्रावण महीने के तीसरे सोमवार को भगवान महाकालेश्वर की सवारी बड़े शाही ठांटबाट से निकली। इस सवारी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हुए। शिव की नगरी उज्जैन में बाबा महाकालेश्वर की सवारी निकलने के पूर्व मंदिर में प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान भगवान महाकाल का पूजन-अर्चना किया। इस मौके पर उनके माता-पिता तथा धर्मपत्नी साधना सिंह भी शामिल हुए। इसके बाद भगवान महाकाल की पालकी को नगर भ्रमण की ओर रवाना किया।


भगवान श्री महाकाल शिवतांडव स्वरूप में गरुड़ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन दिए। हाथी पर मनमहेश विराजित थे। पालकी मन्दिर के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने सलामी दी। सवारी मार्ग के दोनों ओर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल का दर्शन कर पुष्प अर्पित कर दर्शन लाभ लिया।

सवारी के समय मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी साथ-साथ चल रहे थे। यह सवारी रामघाट पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री और उनकी पत्नि श्रीमती सिंह ने क्षिप्रा के जल से भगवान महाकाल का अभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। सवारी में विभिन्न भजन मण्डलियां भक्तिमय होकर भगवान महाकाल के गुणगान एवं आराधना करते हुए चल रही थीं।

Advertising