Loksabha Election 2019 : एक नजर चांदनी चौक लोकसभा सीट पर

Saturday, May 04, 2019 - 07:31 PM (IST)

नई दिल्लीः चांदनी चौक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र राजधानी दिल्ली के 7 संसदीय क्षेत्रों में से एक है। यह निर्वाचन क्षेत्र वर्ष 1956 में अस्तित्व में आया। पिछले 20 सालों के इतिहास को अगर हम देखें तो इस सीट से जो भी लोकसभा प्रत्याशी जीता है, केंद्र में उसी की सरकार बनी है। साल 2004 और 2009 में कांग्रेस के कपिल सिब्बल जीते तो केंद्र में मनमोहन सिंह की सरकार बनी और वहीं साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के डॉ. हर्षवर्धन ने जीत दर्ज की तो केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनीं। इस संसदीय क्षेत्र में मटिया महल, बल्लीमारन, सदर बाजार, मॉडल टाउन, वजीरपुर, चांदनी चौक, त्रिनगर, शकूर बस्ती, शालीमार बाग और आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

वहीं चांदनी चौक पुरानी दिल्ली के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक है। चांदनी चौक पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित है और दिल्ली का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र लाल किला भी यहीं पर है। यहां की सबसे बड़ी और प्रमुख जामा मस्जिद इसी क्षेत्र में स्थित है। जामा मस्जिद मुस्लिमों के लिए आस्था का यह प्रमुख केंद्र है।  

2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के आंकड़ों पर एक नजर 
अब बात करें मतदाताओं की तो इस चांदनी चौक लोकसभा सीट पर कुल मतदाता 15 लाख 57 हजार 403 है। जिनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 8 लाख 45 हजार 815 जबकि महिला वोटरों की संख्या 7 लाख 11 हजार 448 है ।  वहीं ट्रांस जेंडर वोटरों की संख्या 140 है।

2009 लोकसभा चुुुनाव परिणाम पर एक नजर
2009 में इस संसदीय क्षेत्र में हुए लोकसभा चुनाव में पहले स्थान पर रहे कांग्रेस के कपिल सिब्बल को 4 लाख 65 हजार 713 वोट मिले थे जबकि बीजेपी के विजेन्दर गुप्ता को 2 लाख 65 हजार 3 वोट मिले थे और बसपा के मोहम्मद मुस्तकीम 26 हजार 486 वोटों के साथ तीसरा स्थान पर रहे थे।

2014 लोकसभा चुनाव के परिणाम पर एक नजर
लोकसभा सीट पर 2014 में हुए चुनाव पर नज़र डालें तो 2014 में बीजेपी के डॉ. हर्षवर्धन को 4 लाख 37 हजार 938 वोट मिले थे। वहीं आम आदमी पार्टी के आशुतोष 3 लाख 1 हजार 618 वोटों के साथ दूसरे और कांग्रेस के कपिल सिब्बल 1 लाख 76 हजार 206 वोटों के साथ तीसरे पायदान पर रहे थे।      

बता दें कि इस बार चांदनी चौक लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की ओर से डॉ. हर्षवर्धन, कांग्रेस की ओर से जयप्रकाश अग्रवाल और आम आदमी पार्टी की तरफ से पंकज गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा गया है। 



    

Yaspal

Advertising